चार जिलों की टीमों ने मारा छापा: आजमगढ़ में नेशनल इंडस्ट्रीज पर पहुंची आयकर विभाग की टीम, खंगाल रही अहम दस्तावेज
आजमगढ़ जिले की नेशनल इंडस्ट्रीज पर चार जिलों की आयकर विभाग की टीमों ने छापा मारा है। अभी छानबीन चल रही है।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्राबाजार स्थित नेशनल इंडस्ट्रीज प्रतिष्ठान पर गुरुवार को आयकर विभाग (आईटी) की छापा पड़ा। चार जिलों की टीमों ने अभिलेखों की छानबीन की।
फर्नीचर और आलमारी आदि का निर्माण करने वाले इस प्रतिष्ठान पर गुरुवार की सुबह लगभग 10 बजे आयकर विभाग की टीम का छापा पड़ा। चार जिलों की टीमें अभिलेखों की छानबीन में जुटी हुई हैं। टीम पुलिस के साथ प्रतिष्ठान पर पहुंची। टीम के सदस्यों ने जो भी मौके पर मिला उसके मोबाइल को बंद कर अपने पास जमा करा लिया।
टीम ने दुकान के सामानों को इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी परिवार के लोगों ने इंडस्ट्री के संचालक को दी तो वह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने टीम के सदस्यों से कहा कि आप जो भी जांच करना चाहें कर सकते हैं। मैं सारे अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए तैयार हूं लेकिन दुकान में तोड़फोड़ न करें।
इसके बाद टीम ने वहां काम करने वाले लोगों को बाहर निकाल दिया और अभिलेखों की जांच में जुट गई। इस टीम में चार जिलों आजमगढ़, मऊ, बलिया और वाराणसी के अधिकारी शामिल है। टीम के सदस्य विनय गुप्ता ने छापा में क्या मिला पूछे जाने पर कुछ भी बताने से इनकार कर दिया है।
समाचार लिखे जाने तक टीम द्वारा अभिलेखों की जांच पड़ताल की जा रही थी। एसपी सुधीर सिंह ने बताया कि आईटी की टीम ने नेशनल इंडस्ट्री पर छापा मारा है। उनके द्वारा इसकी सूचना हमें दी गई थी।