आजमगढ़: माफिया कुंटू के खेत में गन्ने की फसल को नहीं मिला खरीदार, नीलामी की नई तिथि निर्धारित
पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड में आरोपी आजमगढ़ के कुख्यात ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह की खर्रारस्तीपुर गांव स्थित जमीन कुर्क की गई थी। उक्त जमीन पर वर्तमान में गन्ने की फसल लहलहा रही है। जिसे नीलाम करने का आदेश एसडीएम ने दिया था।
विस्तार
गन्ने की फसल की नीलामी की तिथि निर्धारित थी। खरीदार न मिलने के चलते एसडीएम सगड़ी के निर्देश पर नीलामी स्थगित कर दी गई और नीलामी के लिए नई तिथि निर्धारित कर दी गई है। पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड के साथ ही इस हत्याकांड के मुख्य गवाह अजीत सिंह की हत्या में मुख्य आरोपी आजमगढ़ के कुख्यात आपराधिक माफिया गैंग डी-11 का लीडर ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह की खर्रारस्तीपुर गांव स्थित जमीन जिलाधिकारी के आदेश पर 17 अक्तूबर 2020 को कुर्क कर ली गई थी।
नीलामी के लिए पहुंची टीम लेकिन आए मात्र दो खरीदार
उक्त जमीन में गन्ने की फसल लगी थी। जिसे इमलिया चौकी पुलिस व क्षेत्रीय लेखपाल के अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया था। वर्तमान में गन्ने की फसल लहलहा रही है। जिसे नीलाम करने का आदेश एसडीएम सगड़ी गौरवपुर ने जारी किया था और इसके लिए 13 जनवरी की तिथि निर्धारित की थी।
पढ़ेंः सवा तीन लाख के नकली नोट बरामद, गैंग में दो महिलाएं शामिल, पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
तय तिथि पर नीलामी के लिए तहसील की टीम तो मौके पर पहुंच गई लेकिन माफिया के खेत में खड़ी गन्ने की फसल को खरीदने के लिए खरीदार ही सामने नहीं आए। मात्र दो खरीदार उमेश सिंह व दुर्गा यादव निवासी छपरा सुल्तानपुर ही मौके पर पहुंचे। कम संख्या में खरीदार पहुंचने के चलते एसडीएम सगड़ी गौरव कुमार ने नीलामी को निरस्त कर दिया। नीलामी के लिए अब 21 जनवरी की नई तिथि निर्धारित किया है।
विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, पुलिस से लगाई गुहार
मेंहनगर थाना क्षेत्र के गहुनी मंगरा गांव निवासी चार लोगों ने एक व्यक्ति के खिलाफ ठगी का आरोप लगाते हुए तहरीर दिया है। विदेश भेजने के नाम पर चारों व्यक्तियों से कुल 2.4 लाख रुपये हड़पने का मामला है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच में जुट गई है।
गहुनी मंगरा गांव निवासी शोले, संजय, विक्रम और पंगूर ने थाने पर दी तहरीर में आरोप लगाया कि गौरा गांव निवासी अयूब उर्फ मिस्टर ने उनसे विदेश भेजने के नाम पर 60-60 हजार रुपये लिया। एक साल से अधिक का समय बीत गया लेकिन अब तक किसी को भी विदेश नहीं भेजा।
इतना ही नहीं पैसा वापस मांगने पर नहीं दे रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ितों ने पुलिस ने न्याय की गुहार लगाई है। इस बाबत पूछे जाने पर थाना प्रभारी विमल प्रकाश राय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है, जांच में आरोप पुष्ट होने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।