अहरौला। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर ने अंबेडकर जयंती पर अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों, समता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय को अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अरुण राजभर ने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय कांशीराम और अंबेडकर के नाम पर चल रही योजनाओं एवं जिलों के नाम बदले गए। उन्होंने कहा कि सपा नेता दलित समाज के हितैषी होने का दिखावा करते हैं और केवल चुनाव के समय दलितों को याद करते हैं। राजभर ने आरोप लगाया कि सपा के नेता दलित समाज के गले में माला पहनाकर उनके विचारों पर ताला लगाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में एक विशेष वर्ग को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि वोट के समय सभी वर्गों को साधने की कोशिश की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक न्याय के रास्ते पर काम कर रही है और अतरौलिया क्षेत्र में बदलाव निश्चित है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में सपा का प्रभाव काफी कम हो जाएगा। इस दौरान अरुण राजभर ने कई चौपाल कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों की समस्याएं सुनीं।