UP Accident: त्योहार पर मातम...शिक्षक समेत छह की मौत, इकलौते बेटे की लाश देख माता-पिता बेसुध; जानें मामला
Azamgarh News: यूपी के आजमगढ़ जिले में विभिन्न हादसों में छह लोगों ने अपनी जान गंवा दी। सूचना पाकर स्थानीय थाने की पुलिस भी पहुंच गई। आसपास के लोगों से जानकारी लेने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
विस्तार
Road Accident in Azamgarh: आजमगढ़ के जहानागंज और बरदह थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जहानागंज थाना क्षेत्र के करउत ग्राम सभा के चौबेपुर निवासी शिक्षक मनोज चौबे (45) का गुरुवार की सुबह बाइक से बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह जहानागंज स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के सामने पहुंचे, पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी मौत हो गई।
मनोज चौबे प्राथमिक विद्यालय चौबेपुर मटियवना में सहायक शिक्षक के पद पर तैनात थे। वह अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और पीछे एक बेटा छोड़ गए हैं। माता-पिता, पत्नी और पांच बहनों का करुण क्रंदन देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। वहीं शिक्षक समाज ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
साथी के साथ निमंत्रण में शामिल होने गए थे विनय
आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के जिवली मोड़ के पास बुधवार की देर रात बाइक से घर लौट रहे दो युवक सड़क हादसे के शिकार हो गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका उपचार जौनपुर के एक अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी मुताबिक बरदह थाना क्षेत्र के सराय मोहन गांव निवासी विजय सरोज (22) अपने दोस्त विशाल यादव (21) के साथ बुधवार को बादशाहपुर एक निमंत्रण में गए हुए थे और 11 बजे वापस घर सराय मोहन लौट रहे थे। जैसे ही वह जिवली मोड़ के पास पहुंचे उन्हें एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में विजय सरोज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विशाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बरदह थाना अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचकर घायलों को बरदह स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने विजय सरोज को मृत घोषित कर दिया। जबकि विशाल यादव को प्राथमिक उपचार के बाद जौनपुर सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मृतक विजय सरोज तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और उनके एक बहन भी है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान सड़क हादसे में छात्र की मौत
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कंजहित बाजार में बीती रात लगभग आठ बजे प्रतिमा विसर्जन के दौरान सड़क पार करते समय छात्र अनमोल उर्फ गोलू चौहान (16) पुत्र महावीर चौहान की एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार की टक्कर में मौत हो गई। अनमोल अपने दोस्तों के साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहा था, लेकिन हाईवे पार करते समय वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
अनमोल दो भाइयों में सबसे बड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों के मना करने पर पंचनामा बनाकर शव को सुपुर्द कर दिया गया। अंतिम संस्कार गाजीपुर जिले के औढियार में संपन्न हुआ।
निर्माणाधीन मकान में करंट से युवक की मौत
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के दखिनगांवा गांव में गुरुवार देर शाम निर्माणाधीन मकान में शनि चौरसिया (23) की करंट की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई। वह पुराने मकान के बगल में नया मकान बना रहे थे। प्लास्टर का कार्य अंतिम चरण में था और अंधेरा होने के बावजूद शनि मजदूरों के साथ काम कर रहे थे।
उन्होंने अपने पुराने मकान से तार के माध्यम से निर्माणाधीन मकान में बिजली ली थी। लोहे के दरवाजे के पास जाने पर करंट उनके शरीर में लगा और दरवाजे में उनका शरीर चिपक गया। शनि के शोर सुनकर परिजन और गांव वाले मौके पर पहुंचे और उन्हें माहुल स्थित अवध चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनि दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़े थे।
करंट की चपेट में आने से चालक की मौत
अतरौलिया थाना क्षेत्र के बहेलियापार गांव में मंगलवार की रात करंट की चपेट में आने से वाहन चालक सूरज गिरी (26) की मौत हो गई। सूरज अपने खेत की ओर जा रहे थे तभी रास्ते में सिंचाई के लिए बिछाए गए खुले तार की चपेट में आ गए। शोर सुनकर पहुंचे लोग उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूरज गिरी दो भाइयों रुदल व अर्जुन और बहनों सरिता व प्रियंका के अलावा माता-पिता का सहारा थे। परिजनों का आरोप था कि यह हादसा गांव के ही एक व्यक्ति की ओर से अवैध रूप से बिछाए गए तार के कारण हुआ। मृतक के पिता सुरेंद्र गिरी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क हादसे में घायल अधेड़ की मौत
बलरामपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के मनचोभा गांव निवासी सुखराज यादव (45) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह गुरुवार की शाम करीब चार बजे साइकिल से बाजार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे ककरहटा के पास पहुंचे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।