गजब हाल है: आजमगढ़ में 45 मिनट में एक ही बस में मिले 17 बिना टिकट यात्री, एमडी स्क्वॉड की जांच पर उठे सवाल
बलिया डिपो की बस संख्या यूपी 78 एलएन 6113 मऊ से यात्रियों को लेकर बलिया जा रही थी। इस दौरान एमडी स्क्वॉड की चेकिंग में 45 मिनट में एक ही बस में 17 यात्री बिना टिकट के मिले।
विस्तार
पांच सितंबर को बलिया डिपो की बस संख्या यूपी 78 एलएन 6113 मऊ से यात्रियों को लेकर बलिया जा रही थी। बस पर संविदा चालक राधेश्याम यादव और संविदा परिचालक प्रिया यादव तैनात थे। दोपहर करीब 3.45 बजे एमडी स्क्वॉड के पहले दल ने देवस्थलीय के पास बस को रोककर जांच की। इस दौरान 12 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले। टीम ने सभी के संबंध में प्रकरण दर्ज किया। वेबिल में इन यात्रियों के रसड़ा से बिना टिकट बैठने का उल्लेख किया गया।
पहली जांच के करीब 45 मिनट बाद, लगभग 4.30 बजे एमडी स्क्वॉड के दूसरे दल ने सागरपाली नामक स्थान के पास इसी बस को रोककर दोबारा जांच की। इस दौरान पांच और यात्री बिना टिकट मिले। दूसरी टीम की रिपोर्ट में भी इन यात्रियों के रसड़ा से ही बिना टिकट बस में बैठने का उल्लेख किया गया।
क्या बोले अधिकारी
एक ही बस में कुल 17 यात्रियों के बिना टिकट मिलने को परिवहन निगम ने गंभीरता से लिया है। विभागीय स्तर पर चालक और परिचालक की भूमिका की जांच की जा रही है। साथ ही दोनों एमडी स्क्वाड टीम की रिपोर्ट भी संदेह के घेरे में है, कारण कि बस में पहली टीम ने पांच यात्री को क्यों नहीं पकड़ा। ऐसे में मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच होगी, जांच में दोषी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -जगदीश प्रसाद, आरएम आजमगढ़