सुभासपा अध्यक्ष बोले: ओमप्रकाश राजभर यूपी में बन गया है बड़ी ताकत, आप लोग लड़ाई में साथ दें
सावधान रथ यात्रा लेकर आजमगढ़ पहुंचे सुभासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर ने दीदारगंज विधानसभा क्षेत्र के कौरा गहनी के मैदान में सभा को संबोधित किया।
विस्तार
सावधान रथ यात्रा लेकर आजमगढ़ पहुंचे सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने जनता से सहयोग मांगा। कहा कि देश में सबको मालूम हो गया है कि ओमप्रकाश राजभर यूपी में बड़ी ताकत बन गया है। ओमप्रकाश राजभर जो सदन में बोलता है वही सड़क पर भी बोलती है। मेरी मां ने कहा है कि आंदोलन करने निकले हो तो किसी के सामने गर्दन नहीं झुकाना। गर्दन झुका तो लाश लेने भी नहीं आऊंगी।
दीदारगंज विधानसभा क्षेत्र के कौरा गहनी के मैदान में सभा को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने पूछा कि कितने लोग चाहते हैं कि थाने में जाने पर कुर्सी पर बिठाया जाए। चाहते हो तो घबराओ नहीं। ओमप्रकाश राजभर कुछ ही दिन में इस लायक बना देगा कि आपको थाने में कुर्सी पर बैठाया जाएगा।
सुभासपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि मैं दिल्ली गया था और प्रधानमंत्री व गृहमंत्री से मिलने के साथ लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिला। बड़ी चर्चा हुई। गृह विभाग ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर भर जाति को अनुसूचित जनजाति में शामिल कराने के लिए जो बोल रहे हैं वह सही है। इसकी लड़ाई लंबे समय से लड़ी गई। हाईकोर्ट ने आदेश दे दिया है कि भर और राजभर जाति को अनुसूचित जनजाति में शामिल कर दिया जाए।
यह लड़ाई आपके बच्चों के भविष्य के लिए
मुख्यमंत्री से सारे सबूत के साथ मिला। मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव ने सीएम के सामने पूरी फाइल देखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लड़ाई सही है। मुख्यमंत्री दिल्ली प्रस्ताव भेजने के लिए तैयार हो गए हैं। मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव को प्रस्ताव भेजने का आदेश दे दिया है। 71 साल बाद यह प्रस्ताव लखनऊ से दिल्ली गया है। यह प्रस्ताव दिल्ली से पास कराना है। यह लड़ाई आपके बच्चों के भविष्य की है। इस मुद्दे पर लगातार सीएम से बात हो रही है।