जिले में 16 सितंबर से 18 सितंबर तक हुई भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलजमाव हो गए हैं। इसकी निकासी को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। जिसमें डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह बड़ी हॉर्स पॉवर के वाटर पंप लगाकर जलजमाव की समस्या से शहरवासियों को निजात दिलाएं। इसके लिए 24 घंटे लगातार जल निकासी करने के लिए व्यवस्था करें। कर्मचारियों को लिखित रूप से ड्यूटी लगाए। जिलाधिकारी राजेश कुमा ने कहा कि नगर क्षेत्र के बागेश्वर, कोलाघाट, लोटस हॉस्पिटल, हीरापट्टी, फरास टोला तथा चांदमारी से तत्काल जल निकालने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम, बाढ़ खंड, विद्युत, सेतु निगम व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को तत्काल पाइप, वाटर पंप तथा अन्य आवश्यक सामानों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कहा कि संबंधित क्षेत्र के बड़े काश्तकारों से भी आवश्यकतानुसार वाटर पंप, पंपिंग सेट तथा पाइप आदि की मदद ली जाए। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका आजमगढ़ को जलजमाव वाले क्षेत्रों में चूना, ब्लीचिंग पाउडर तथा एंटी लार्वा दवाओं के छिड़काव के निर्देश दिए। ताकि बीमारियां न फैलने पाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह, उप जिलाधिकारी सदर वागीश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्र नारायण तिवारी, जीएम चीनी मिल सठियांव व अधिशासी अभियंता विद्युत आदि उपस्थित थे।