आजमगढ़। बिजली विभाग बरसात के पूर्व मई व जून माह में जर्जर तारों व खंभो को बदलने के साथ ही मेंटेनेंस का कार्य कराता रहा है, लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण व कोरोना कर्फ्यू के चलते अब तक यह कार्य शुरू नहीं हो सका है। कर्मचारियों की मार झेल रहा विभाग किसी तरह संविदा कर्मियों के माध्यम से बिजली की सप्लाई ही बहाल रख पाने की कवायद में ही जुटा हुआ है।
पूरे शहर की बिजली व्यवस्था राम भरोसे ही चल रही है। अंडर ग्राउंड केबिल से बिजली की सप्लाई जहां ज्यादातर स्थानों पर बंद हो चुकी है और ओवरहेड पीसीबी केबल बिछा कर सप्लाई की जा रही है। तो वहीं कई जगहों पर लटक रहे तार व विद्युत पोल हादसों को दावत दे रहे है। इसके बाद भी विभाग न तो जर्जर तारों को ही अब तक बदला न ही लटक रहे तारों को ठीक कराने की ही कवायद किया। इतना ही नहीं कई जहगों पर विद्युत तारों के बीच से पेड़ों की टहनियां गुजरी है। बरसात के पूर्व इस टहनियों को कटवाने की कवायद भी विभाग करता है, लेकिन इस बार अबतक यह कवायद नहीं की जा सकी है। इसके पीछे कारण कोरोना संक्रमण व कर्फ्यू को बताया जा रहा है। एक्सईएन अरविंद सिंह की माने तो कोरोना की दूसरी लहर व कोरोना कर्फ्यू ने सारी व्यवस्था को ही ठप कर दिया है। किसी तरह विभाग वर्तमान में बिजली की सप्लाई दुरूस्त रखने की कवायद में ही जुटा हुआ है। अब कोरोना कर्फ्यू समाप्त हो गया है तो निश्चित तौर पर कमियों को दुरूस्त कराया जाएगा। मेंटेनेंस का कार्य कराने की रणनीति बन चुकी है और जल्द ही कवायद भी शुरू कर दी जाएगी।