समस्त विभाग के अधिकारी पौधारोपण का जो लक्ष्य आवंटित है, उसमें पौधरोपण के लिए माइक्रो प्लान तैयार कर लें। प्रत्येक अमृत सरोवर एवं छोटी सरयू नदी के किनारे पर स्थित ग्राम व तमसा नदी के किनारे पौधारोपण कराएं। उक्त निर्देश प्रदेश के कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पौधारोपण अभियान 2023 एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए।उन्होने कहा कि पौधारोपण के दिन छात्रों को भी एक-एक पौधा उपलब्ध कराएं। पौधों को संरक्षित करने हेतु ट्री गार्ड की व्यवस्था कर लें। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन को निर्देश दिए कि सड़कों के किनारे पौधे लगाएं एवं बचाने के लिए ट्री गार्ड भी लगवाए। समस्त नगर पालिका, नगर पंचायते, गोवंश आश्रय स्थल, पशु चिकित्सालय व समस्त सीएचसी, पीएचसी पर पौधरोपण किया जाए। उद्योग बंधु की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि बैंकर्स कमेटी की बैठक निर्धारित समय से कराकर बैंकों की सीडी रेसियो की समीक्षा करें और किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने में भी तेजी लाएं। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि गोवंश आश्रय स्थल पर पशुओं के लिए चारा, पानी की व्यवस्था ठीक कराएं। सीडीओ को निर्देश दिए कि गोबर से वर्मी कंपोस्ट व गो-कास्ट के उत्पादन में वृद्धि कराएं। मुख्य अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि जो ट्रांसफार्मर जल रहे हैं, उसको 2-3 दिन के अंदर अवश्य ठीक कराएं। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि जो अति कुपोषित बच्चे एवं धात्री महिलाएं हैं, उनको समय से पुष्टाहार उपलब्ध कराएं। प्रभारी मंत्री ने समस्त अधिकारियों से कहा कि आईजीआरएस पोर्टल एवं मुख्यमंत्री पोर्टल पर जो जन शिकायतें प्राप्त हो, उसे तत्काल समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने को कहा। इस दौरान जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईएन तिवारी समेत अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।