मेजवां। मौसम के बदलते मिजाज का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखने लगा है। दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड के कारण वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और गले के संक्रमण के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शनिवार को फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सुबह से ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी, जो दोपहर दो बजे तक जारी रही। इस दौरान कुल 249 मरीजों ने पंजीकरण कराया। पंजीकरण कराने वाले मरीजों में सबसे अधिक संख्या सर्दी, जुकाम, बुखार, वायरल और गले के संक्रमण से पीड़ित लोगों की रही। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि सामान्य दिनों में गले की समस्या लेकर औसतन 10 से 15 मरीज आते थे, लेकिन मौसम में बदलाव के कारण अब यह संख्या बढ़कर करीब 25 प्रतिदिन हो गई है। लापरवाही बरतने पर गले का संक्रमण गंभीर होकर फेफड़ों तक पहुंच सकता है। इससे मरीजों को खाने-पीने में भी परेशानी होती है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि इस मौसम में फ्रिज का ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक और खट्टी चीजों से पूरी तरह परहेज करें। गले में खराश होने पर गुनगुने पानी में नमक डालकर गरारे करें और बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक का सेवन न करें। मौसम के उतार-चढ़ाव का असर बच्चों पर भी पड़ रहा है। कमजोर बच्चों में वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। डॉक्टरों ने अभिभावकों को बच्चों की सेहत पर विशेष ध्यान देने, सीने में जकड़न होने पर भाप दिलाने और गुनगुना पानी पिलाने की सलाह दी है। इलाज कराने आए एक मरीज ने बताया कि तीन दिन से बुखार, गले में जलन और खांसी की समस्या है, जिसके लिए वह दवा लेने अस्पताल आया है।