ऑपरेशन प्रहार: आजमगढ़ में छह घंटे के अंदर तीन मुठभेड़, इनामिया समेत चार बदमाश घायल, दो फरार
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने रविवार रात बड़ी कार्रवाई की। छह घंटे के अंदर एक-दो नहीं बल्कि तीन मुठभेड़ में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। वहीं दो अन्य भाग निकलने में सफल रहे।
विस्तार
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने रविवार रात बड़ी कार्रवाई की। छह घंटे के अंदर एक-दो नहीं बल्कि तीन मुठभेड़ में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। वहीं दो अन्य भाग निकलने में सफल रहे। पुलिस की गोली से घायल दो बदमाश पशु-तस्करी से संबंधित है तो वहीं दो अन्य चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाश हैं। इसमें एक 25 हजार का इनामिया भी शामिल है।
प्रभारी एसपी व एएसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि पहली मुठभेड़ बरदह थाना क्षेत्र के बैरी गांव नहर पुलिया पर हुई। कमालपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाश पुलिस को देखते ही बाइक मोड़ कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो बैरी गांव नहर पुलिया पर उसकी बाइक गिर गई। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया।
जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान आसिफ पुत्र अयाज निवासी कस्बा देवगांव के रुप में की गई। उसके पास से बाइक व तमंचा बरामद हुआ। आसिफ पर कुल तीन मुकदमें दर्ज हैं। वहीं देवगांव कोतवाली क्षेत्र में हुई दूसरी मुठभेड़ में गो तस्कर गैंग के ही सदस्य शाह आलम उर्फ भोनू को पुलिस ने घायल कर गिरफ्तार किया।
इसके पास से भी तमंचा व बाइक बरामद हुआ। शाह आलम पर कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। तीसरी मुठभेड़ फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंबारी के पास हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की एक बोलेरो सवार चार बदमाश शाहगंज की तरफ से आ रहे है। इनके पास असलहा भी है। इस सूचना पर पुलिस ने इनकी घेराबंदी की।
माफी पुलिया के पास बदमाशों ने बोलेरो को झाड़ी आड़ में रोका और उतर कर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। वहीं दो अन्य मौके से भाग निकलने में सफल रहे। पकड़े गए बदमाशों की पहचान 25 हजार का इनामी कलीम व तरबेज निवासी मुड़ियार थाना कोतवाली फूलपुर के रूप में की गई।
तरबेज पर 19 तो कलीम पर 18 मुकदमे दर्ज हैं। इनके पास से पुलिस ने एक बोलेरो, तमंचा व साढ़े चार हजार रुपये नकद बरामद किया है। चारों घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार हुए बदमाशों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।