आजमगढ़। कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने शनिवार रात को अंतरजनपदीय ठग गिरोह का एक आरोपी पठान अली को गिरफ्तार किया। इसके पास से 3,51,500 रुपये नकद, एक बाइक व अन्य सामान बरामद हुआ। इसके खिलाफ 18 मुकदमे दर्ज है। इसके गिरफ्तार होने से सात मामलों का पर्दाफाश हुआ है।
एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि कोतवाली प्रभारी शशि मौलि पांडेय, दरोगा राजेंद्र प्रसाद पटेल की टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि जौनपुर के शाहगंज निवासी आरोपी पठान अली को शनिवार की देर रात राहुल नगर मड्या ठंडी सड़क से गिरफ्तार किया गया। बताया कि हमारे गिरोह में चार लोग तालिब, वसीम व यासिन उर्फ सुल्तान शामिल हैं। हम लोग सोने के जेवरात की ठगी करते हैं। सभी 45 से 50 वर्ष की धार्मिक महिलाओं को व कम पढ़े-लिखे लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। उनको विश्वास में लेकर पूजा पाठ, धर्म आदि तथा तंत्र-मंत्र के माध्यम से पहने हुए व घर में रखे हुए गहनों को शुद्ध करने के संबंध में अपनी बातों में उलझाकर और बहला फुसलाकर उनके जेवरात ले लेते हैं। उनको ईंट-पत्थर के टुकड़े एक कागज में लपेटकर धागे से बांधकर वापस देते हैं। इन लोगों ने संजू सिंह पत्नी दयानंद सिंह ग्राम धनछुला, जीयनपुर, सोमारी देवी पता राहुल नगर मड़ा, संजय कुमार श्रीवास्तव निवासी ठंडी सड़क, सत्यपाल सिंह निवासी मौजा बैठौली थाना सिधारी, उर्मिला सिंह पत्नी रामआसरे निवासी सिधारी व बेईली देवी पत्नी रामजतन चौहान निवासी ग्राम खराटी थाना गम्भीरपुर के साथ ठगी की।