अंबारी। प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती है। किसी में हुनर है तो वह कैसी भी परिस्थिति में अपने हुनर का परचम जरूर लहराता है। अंबारी के हाजीपुर के दिव्यांग युवक ने ऐसा कर दिखाया। भुवनेश्वर में 19 से 22 मार्च तक होने वाले पैरा बैडमिंटन चैम्पियनशिप में यूपी की टीम में जगह बनाकर जनपद का नाम रोशन किया है।
बैडमिंटन चैम्पियनशिप के लिए यूपी की टीम का एलान बुधवार को किया गया। इसमें फूलपुर तहसील के हाजीपुर अंबारी निवासी निलेश यादव ने भी जगह बनाई है। टीम में अंतराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैम्पियनशिप पदक विजेता आईएएस सुहास एलवाई और लखनऊ के अंतराष्ट्रीय मेडलिस्ट अबू हुबैदा के साथ उन्हें खेलने का मौका मिला है। जनपद सहित क्षेत्र के लोगों ने बैडमिंटन खिलाड़ी निलेश यादव और उनके माता-पिता को बधाई दी है। हाजीपुर निवासी रामकुमार यादव के तीन पुत्र और एक पुत्री है। निलेश अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा है। निलेश की हाईस्कूल की शिक्षा सोनी चिल्ड्रेन स्कूल अंबारी और इंटरमीडिएट की शिक्षा जनता इंटर कालेज अंबारी से हुई है। स्नातक की शिक्षा डॉ. शंकुतला मिश्रा विश्वविद्यालय लखनऊ में चल रही है।निलेश ने बताया कि मेरा एक हाथ बिजली लगने से काट दिया गया था। हमने कभी भी अपने आप को दिव्यांग नहीं समझा। तीन साल से बैडमिंटन खेल रहा हूं। निखिल कत्र्ुमार यादव,बृजेश यादव, रत्तीभान यादव, उमेश यादव, महेंद्र यादव, शशिकांत यादव, अनिल यादव, अरूण यादव, शैलेश यादव, संतोष यादव आदि ने बधाई दी है।