पुनरीक्षण के दौरान जीवित व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से काटने का मामला जैसे ही प्रकाश में आया तो शहर से सटे हीरापट्टी के ग्रामीण भड़क गए। बृहस्पतिवार को डीएम कार्यालय प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणाें ने ज्ञापन सौंपा और संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की मांग किया है।
वर्तमान समय में मतदाता पुनरीक्षण का कार्य जोरों पर चल रहा है। जिसमें नए मतदाता को जोड़ने और मृतकों के नाम वोटर लिस्ट से विलोपित किए जा रहे हैं। वोटर लिस्ट पुनरीक्षण के दौरान हीरापट्टी गांव निवासी व जनवादी पार्टी सोशलिस्ट के जिला सचिव, अखिल भारतीय चौहान महासभा के जिलाध्यक्ष अनिल चौहान को मृतक दिखाकर प्रारूप-सात भरकर नाम काटने के लिए किसी ने बीएलओ उर्मिला देवी को आवेदन पत्र दे दिया। बीएलओ ने जब सर्वे के दौरान अनिल चौहान से मिली तो दंग रह गई। चौहान ने बताया कि मेरे अलावा गांव निवासी बेचू चौहान के नाम से भी किसी व्यक्ति द्वारा आवेदन किया गया है जबकि बेचू चौहान विदेश में हैं। उन्होंने कहा कि बीएलओ की सक्रियता से वोटर लिस्ट से नाम काटने की साजिश का पता चला है। ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग किया है। इस मौके पर विनोद चौहान, लल्लन चौहान, राधेश्याम चौहान, विरेंद्र यादव, तेज प्रताप चौहान,सतीश चौहान प्रधान, सुग्रीव चौहान आदि मौजूद रहे।