Azamgarh: वीडियो कांफ्रेंसिंग से माफिया मुख्तार की पेशी, हत्याकांड समेत दो मामलों में 16 और 17 मई की पड़ी तारीख
माफिया मुख्तार अंसारी की शुक्रवार को आजमगढ़ एमपी-एमएलए कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी हुई। कोर्ट ने सुनवाई के लिए मजदूर हत्याकांड में 16 मई तो गैंगस्टर एक्ट में 17 मई सुनवाई की अगली तारीख तय की।
विस्तार
बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी की शुक्रवार को आजमगढ़ एमपी-एमएलए कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी हुई। जिले में मुख्तार के खिलाफ दो केस चल रहे हैं। कोर्ट ने सुनवाई के लिए मजदूर हत्याकांड में 16 मई तो गैंगस्टर एक्ट में 17 मई सुनवाई की अगली तारीख तय की।
तरवां थाना क्षेत्र ऐराकला में सड़क ठेके को लेकर ठेकेदार पर माफिया मुख्तार अंसारी के लोगों ने फायरिंग की थी। इस घटना में ठेकेदार तो बाल-बाल बच गया था लेकिन उसके दो मजदूर गोली लगने से घायल हुए थे। जिसमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। प्रकरण में मुख्तार अंसारी समेत उसके गिरोह के दर्जन भर लोगों के खिलाफ तरवां थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।
दोनों मामलों में हुई गवाही
वहीं बाद में इसी हत्याकांड में मुख्तार और उसके लोगों के खिलाफ गैंगस्टर की भी कार्रवाई पुलिस ने की। मुख्तार के खिलाफ दोनों मुकदमे एमपी-एमएलए कोर्ट में विचाराधीन हैं। शुक्रवार को दोनों मामलों में तारीख थी। माफिया मुख्तार अंसारी जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेश हुआ।
मजदूर हत्याकांड में गवाह दुर्गा प्रसाद तो वहीं गैंगस्टर केस में कांस्टेबल ओम प्रकाश यादव की गवाही हुई। इसके बाद न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा ने मजदूर हत्याकांड में 16 मई तो गैंगस्टर मामले में 17 मई की तारीख तय की। चर्चा है कि मुख्तार के वकील लल्लन सिंह ने जेल में मुख्तार से मुलाकात करने के लिए अपनी तरफ से अर्जी भी दाखिल की है।