आजमगढ़: सराफ को आतंकित कर चांदी और सोने के गहनों की लूट, बच्चों के शोर मचाने पर खेत में फेंका
आजमगढ़-जौनपुर सीमा पर सैय्यद बहाउद्दीनपुर गांव के पास रविवार दोपहर बेखौफ बदमाशों ने सराफ दंपती से लाखों के जेवर लूट लिए।
विस्तार
यूपी के आजमगढ़ में रविवार को दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया गया। बरदह थाना क्षेत्र के सैय्यद बहाउद्दीनपुर गांव के पास दोपहर 12 बजे बाइक सवार बदमाशों ने सराफ दंपती को असलहे से आतंकित कर लाखों के जेवर लूट लिए। उनके बच्चों ने शोर मचाया तो बदमाशों ने उनको खेत में फेंक दिया।
भादो गांव निवासी सतीश सेठ सराफा कारोबारी हैं। उनकी जौनपुर जिले के सरायख्वाजा स्थित भदेठी बाजार में दुकान है। रविवार को सतीश अपनी पत्नी व छह और सात साल के दो बच्चों को बाइक से लेकर दुकान पर जा रहा था। उसके पास सोने व चांदी के आभूषण थे।
मोबाइल और बाइक की चाबी भी ले भागे बदमाश
सतीश के अनुसार, जौनपुर सीमा पर सैय्यद बहाऊद्दीनपुर गांव के पास दो बाइक सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया और असलहा दिखाकर गहनों से भरा बैग छीनने लगे। दोनों बच्चे शोर मचाने लगे तो बदमाशों ने उन्हें खेत में फेंक दिया। इसके बाद बैग लूटकर भाग निकले। जाते-जाते उन्होंने मोबाइल फोन के अलावा बाइक की चाबी भी ले ली।
सतीश ने बताया कि बैग में छह किलो चांदी व 80 ग्राम सोने के आभूषण थे। कुछ देर बाद राहगीर वहां गुजरे तो सराफ ने उनके मोबाइल फोन से सूचना पुलिस को दी। इसके बाद सरायख्वाजा थाने की पुलिस पहुंची। घटनास्थल बरदह थाना क्षेत्र में होने के कारण बरदह पुलिस को सूचना दी गई। व्यवसायी ने तहरीर दी है। इससे पहले शनिवार को जहानागंज क्षेत्र में भी लूट हुई थी।
पढ़ेंः मंत्री आनंद स्वरूप बोले: सपा सरकार में मुख्तार अंसारी को जेल में मिलती थी मछली, डीएम साथ में खेलते थे बैडमिंटन