आजमगढ़। शासन ने ऐसे मदरसों की जांच कराए जाने का आदेश दिया है जो सरकार का लाभ तो ले रहे है लेकिन हकीकत में जमीन पर नहीं है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के वक्फ निरीक्षक मनोज राय ने बताया कि मदरसा आधुनिकीकरण योजनांर्तगत जनपद में 235 मदरसे लाभ उठा रहे है। जिनका भौतिक सत्यापन किया जाना है, जो 31 से शुरू होगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी इसके अलावा 20 मदरसों की और जांच होगी। इस प्रकार जनपद के कुल 255 मदरसों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। जिलाधिकारी द्वारा आदेश निर्गत कर दिए गए है। जो सभी ब्लाकों को प्रेषित किए जा चुके है। यह भी जानकारी दिया कि मदरसों की जांच के लिए नगर और ग्रामीण क्षेत्र के लिए जिलाधिकारी द्वारा दो टीम का गठन किया गया है। इन दोनों टीमों में तीन-तीन लोग शामिल किए गए है। नगर क्षेत्र में जांच के लिए बनाई गई टीम में उप जिलाधिकारी सदर /अध्यक्ष, नगर शिक्षाधिकारी सदर, ईओ नगर पालिका या नगर पंचायत द्वारा नामित अवर अभियंता रहेंगे। ग्रामीण क्षेत्र के मदरसों की जांच के लिए उप जिलाधिकारी/अध्यक्ष, खंड शिक्षाधिकारी, खंड विकास अधिकारी द्वारा नामित अवर अभियंता रहेंगे। मदरसों की जांच में देर होने के कारण पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि रमजान में मदरसों का बंद होना, ईद का त्योहार और मदरसा बोर्ड की परीक्षा होने के कारण जांच में देर हुई है। मंगलवार 31 मई से शुरु हो जाएगी। दोनों टीमें अपनी-अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौपेंगे।