आजमगढ़ के मुबारकपुर में पहले के तीन मरीजों के संपर्क में आने से एक महिला कोरोना पॉजिटिव, चकसिकठी में संख्या फिर हुई चार
कोरोना पॉजिटिव तीन मरीजों के इलाज के बाद कोरोना मुक्त होने से राहत महसूस कर रहे जिला प्रशासन को रविवार को उस समय तगड़ा झटका लगा जब प्रभावित क्षेत्र मुबारकपुर के चक सिकठी में एक और महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या एक बार फिर चार पहुंच गई है। एक नए परिवार में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अब फिर से रणनीति बना रहा है। अब तक जनपद में कुल सात कोरोना पाजीटिव मरीज मिल चुके हैं।
मुबारकपुर के चक सिकठी में एक मदरसे से जमात से संबंधित तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे। इन तीनों मरीजों के संपर्क में आने वाले एक स्थानीय परिवार के तीन लोग (पिता, बेटा और बेटी) और भी कोरोना पॉजिटिव हुए थे। इन छह कोरोना पॉजिटिव मरीजों में जमात से संबंधित तीन मरीज इलाज के बाद कोरोना मुक्त घोषित हो चुके हैं।
इसके बाद जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या सिर्फ तीन थी। रविवार को आई एक अन्य रिपोर्ट में चक सिकठी मोहल्ले की ही एक अन्य महिला में कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। यह परिवार स्थानीय तीन कोरोना पाजीटिव मरीजों के संपर्क में था। दोनों के घर आपस में सटे हुए हैं। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि इस परिवार के कुल पांच लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे।
इसमें एक की रिपोर्ट पाजीटिव आई है। चार की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मेडिकल कॉलेज की टीम ने महिला को घर से ले आकर के मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट कर दिया है। इसके साथ परि वार के चार अन्य लोगों को आजमगढ़ पब्लिक स्कूल और आरके फार्मेसी में क्वारंटीन किा गया है।
एक और कोरोना पाजी टीम मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग प्रकरण में फिर से रणनीति बनाने में जुटा हुआ है। प्रभावित परिवार के घर को पूरी तरीके से सैनिटाइज कराने के साथ ही मोहल्ले में अन्य गतिविधियां भी शुरू कर दी गई हैं। साथ ही परिवार के चार अन्य लोगों की रिपोर्ट के लेकर भी विभाग चिंतित है।
गांव वालों की बढ़ी धुकधुकी
मुबारकपुर के चक सिकठी गांव से चौथा स्थानीय कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलते ही गांव वालों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की धुकधुकी बढ़ गई है। गांव के अन्य काफी लोगों का सेंपल भी जांच के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। ऐसे में पूरे जिनके सेंपल जांच में गये है और उनके परिवार के लोगों के दिलों की धड़कन काफी तेज हो चुकी है।