भूमि विवाद में खौफनाक वारदात: आजमगढ़ में सगे भाई और भतीजे ने युवक को चाकू से गोदा, अस्पताल में मौत, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
आजमगढ़ जिले के फैजुल्लापुर गांव में भूमि विवाद को लेकर सगे भाई और भतीजे ने युवक पर चाकू से हमला बोल दिया। अस्पताल में युवक की मौत हो गई।
विस्तार
यूपी के आजमगढ़ जिले के फैजुल्लापुर गांव में भूमि विवाद को लेकर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। सगे भाई और भतीजे ने युवक को चाकू से गोद दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के साले की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के फैजुल्लापुर गांव निवासी दयाराम यादव (40) पुत्र रामबचन का बुधवार को अपने सगे भाई हरिश्चंद्र से भूमि को लेकर विवाद हो गया। कुछ देर के कहासुनी के बाद दोनों पक्ष शांत हो गए। रात आठ बजे के लगभग दोनों भाइयों में फिर से कहासुनी हुई। जिसके बाद हरश्चिंद्र और उसके पुत्र गुलशन ने दयाराम पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। हमले में दयाराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
गाजियाबाद में रहता है दयाराम का परिवार
परिजन अस्पताल ले गए तो इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दयाराम रोजी-रोटी के लिए गाजियाबाद में पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। वह दो बार प्रधानी का चुनाव भी लड़ा था। बीते एक साल से वह घर पर ही रह कर सामाजिक कार्य करते हुए चुनाव की तैयारी में जुटा था।
घटना की सूचना के बाद दयाराम यादव की पत्नी बच्चे गाजियाबाद से आजमगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं। घटना के बाबत मृतक के साले धर्मेंद्र यादव निवासी अहियाई थाना मेंहनगर ने हरिश्चंद्र, गुलशन, गोल्डी और जवाहिर चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मामले में गंभीरपुर एसएचओ राम प्रसाद बिंद ने कहा कि मृतक की पत्नी और बच्चे गाजियाबाद से आजमगढ़ आ रहे हैं। तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। चारों नामजद आरोपी घर छोड़ कर फरार हैं।