श्रावण माह के तीसरे सोमवार को जिले के शिवालयों में शिव भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सवेरे से ही नगर के भंवरनाथ मंदिर सहित जिले के अन्य शिवालयों में महादेव के भक्तों ने अपनी मनोकामना लेकर पूजन-अर्चन किया। जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान भक्तों के हर-हर महादेव के जयकारों से शिवालय गूंजते रहे। भंवरनाथ स्थित शिवमंदिर में पूरे दिन पूजा पाठ का दौर चला। भोर में ही मंदिरों की साफ-सफाई कर फूल-मालाओं से सजाया था। तीसरे सोमवार को महिलाओं ने व्रत रखा और भोर में ही शिवालयों में पूजन-अर्चन के लिए निकल पड़ी थी। नगर स्थित भंवरनाथ मंदिर पर देर शाम तक भक्तों की भीड़ लगी रही। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे। नगर के एलवल त्रिमुहानी, मातबरगंज शंकर तिराहा, बौरहवा बाबा, नरौली, पंचदेव मंदिर, पुरानी कोतवाली, कटरा आदि स्थानों पर शिवमंदिरों में सुबह से ही शिव जी के दर्शन को तांता लगा रहा है। मेजवां: फूलपुर नगर और ग्रामीण क्षेत्रो के शिवालयों और मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। इस दौरान बेल पत्र दूध आदि चढ़ा कर पूजन अर्चन कर लोगो ने अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। पौराणिक स्थल दुर्वासा धाम में मंदिरों में हर- हर महादेव के जयकारे से वातावरण गूंज उठा। सिकरौर, दीदारगंज, सरायमीर पवई से आए कांवारिया जल लेकर पैदल लौटे और कस्बा स्थित शिवालयों में बोल बम के जयकारे के साथ जलाभिषेक किया। मुंडियार गांव के मंदिर में फूलपुर कस्बा से काफी संख्या में लोगों ने पूजन-अर्चन किया। इसी क्रम में महाराजगंज कस्बा स्थित बाबा भैरव के दर्शन को आए भक्तों द्वारा लगाए जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। घंट-घड़ियाल की ध्वनियों के बीच भोर से शुरू जयकारा दिन भर लगता रहा। श्रद्धालुओं ने भैरव दर्शन के बाद मंदिर की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की।