UP: जमीन पर गिरी बंदूक...दो लोगों को लगी गोली, खून से लथपथ घायलों को अस्पताल लेकर भागी पब्लिक; एक की मौत
UP Crime News: यूपी के आजमगढ़ जिले में गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। सूचना पाकर फूलपुर कोतवाली की पुलिस भी पहुंच गई। आसपास के लोगों से जानकारी लेने के साथ ही घायलों को अस्पताल भेज दिया गया।
विस्तार
Azamgarh News: फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की दोपहर कैश डिलीवरी वैन के गनमैन की लोडेड डबल बैरल बंदूक सड़क पर पैदल जाते वक्त बाइक से टकराकर गिर गई। बंदूक गिरते ही गोली दग गई जिससे बैंक के पास बैठे संजय चौहान (27) और लवकुश चौहान (40) को जा लगी।
इससे वह गिर पड़े और वहां बैठे लोग उन्हें लेकर सीएचसी फूलपुर ले गए जहां पर चिकित्सक ने दोनों की हालत गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में ही संजय की मौत हो गई। जबकि लवकुश का इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में सुरक्षा गार्ड अजय सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बैसाडीह गांव निवासी लवकुश चौहान (40) अपनी बहन रूपा, भतीजी प्रिति चौहान और गांव के ही संजय चौहान (24) के साथ बैंक में कुछ काम से आए थे। इसी दौरान एसआईएस सुरक्षा कंपनी का कैश वैन यूनियन बैंक के सामने रुका। वैन का गनमैन अजय सिंह लोडेड डबल बैरल बंदूक हाथ में लेकर सड़क पार कर रहा था कि अचानक एक बाइक सवार से टक्कर हो गई।
पुलिस ने की कार्रवाई
इस हादसे में गनमैन के हाथ में मौजूद बंदूक सड़क पर गिर पड़ी। जैसे ही बंदूक सड़क पर गिरी तभी गोली चल गई। वहां मौजूद बैसाडीह कटयां गांव निवासी संजय चौहान (27) व लवकुश चौहान (40) को जा लगी। गोली की आवाज सुनकर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर में भर्ती कराया। जहां पर गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सक ने दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
मौके पर पहुंचे कोतवाल सच्चिदानंद यादव ने घटना की जानकारी ली। इसके बाद सीएचसी पर पहुंचे जहां दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल जाते समय रास्ते में संजय चौहान की मौत हो गई। जिला अस्पताल के चिकित्सक ने संजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं, लवकुश को भर्ती किया गया है। कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि गोली किन कारणों से चली और किसकी लापरवाही है। इसकी जांच चल रही है।
फूलपुर में कैश डिलीवरी वैन के गनमैन की लोडेड बंदूक से गोली दग गई है। इससे दो लोग घायल हुए थे। इसमें एक की मौत हो गई दूसरे का इलाज चल रहा है। गार्ड अजय सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - चिराग जैन, एसपी ग्रामीण आजमगढ़।