आजमगढ़। जिले में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत मंगलवार को कई स्कूलों की छात्राओं को एक दिन के लिए थाना व कोतवाली प्रभारी बनने का अवसर दिया गया। इस अवसर पर छात्राओं को थाने की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया। उन्हें साइबर हेल्प डेस्क, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, मालखाना और जनसुनवाई कक्ष का भ्रमण कराया गया। साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी रवि ने उन्हें ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के उपाय भी बताए।
प्रतिभा निकेतन स्कूल की छात्रा अनामिका तिवारी ने शहर कोतवाली की कुर्सी पर बैठकर तीन शिकायतों को सुना और संबंधित सब इंस्पेक्टरों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। शिकायतों में साइबर फ्रॉड, मजदूरी न मिलने और गुमराह कर पैसे वसूलने के मामले शामिल थे। अनामिका तिवारी ने बताया कि उनका सपना बड़ा होकर आईएएस बनने का है। इस दौरान कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय, सीओ सिटी शुभम तोदी, प्रिंसिपल ध्रुव चंद्र मौर्य, शिक्षिका प्रीति श्रीवास्तव और कई छात्राएं मौजूद रहीं। वहीं, बरदह थाने में छात्रा श्रुति राय ने मेस, महिला हेल्प डेस्क, साइबर सेल, हवालात और कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने थानाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। फूलपुर कोतवाली में हंसिका राय ने महिलाओं की समस्याओं को सुना और समाधान के लिए संबंधित को सुझाव दिए। इस पहल से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित होगी। इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्कूल प्राध्यापक और कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं। मिशन शक्ति के तहत यह कार्यक्रम महिलाओं के सशक्तीकरण और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।