नर्सिंग होम में महिला संग सामूहिक दुष्कर्म, उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला आने पर मुकदमा दर्ज
आजमगढ़ जिले के लालगंज कस्बा स्थित एक नर्सिंग होम संचालक समेत सहयोगियों पर महिला ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस नर्सिंग होम संचालक को बृहस्पतिवार की रात में ही देवगांव कोतवाली उठा लाई और शुक्रवार को दिनभर समझौता कराने में ही जुटी रही। इस बीच महिला ने उच्चाधिकारियों से शिकायत कर दी तो पुलिस ने डॉक्टर समेत उनके कुछ सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया।
बरदह थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला इलाज के लिए लालगंज कस्बा स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम पर आई हुई थी। महिला का आरोप है कि नर्सिंग होम के डॉक्टर ने अपने कुछ सहयोगियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बृहस्पतिवार की रात ही उसने सूचना डॉयल 112 पर किया। सूचना पर पुलिस पहुंची और डॉक्टर को लेकर देवगांव कोतवाली चली गई।
शुक्रवार को पीड़िता भी कोतवाली पहुंची और तहरीर दी। लेकिन मुकदमा दर्ज कराने के बजाए देवगांव कोतवाल, सीओ लालगंज समझौता कराने के प्रयास में ही जुटे रहे। इस बीच महिला ने कोतवाली से बाहर निकलकर उच्चाधिकारियों से शिकायत कर दी। इसके बाद देवगांव कोतवाली पुलिस उच्चाधिकारियों से फटकार लगने पर डॉक्टर समेत कुछ सहयोगियों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया।
इस बाबत जानकारी के लिए कोतवाल विमलेश मौर्या से संपर्क किया गया तो उन्होंने मुकदमा दर्ज कर लिए जाने की पुष्टि किया और व्यस्तता के चलते नाम न बता पाने की बात कही। वहीं सीओ लालगंज अजय यादव का सीयूजी नंबर ही बंद मिला। एसपी सिटी पंकज पांडेय ने घटना की जानकारी होने से इंकार किया और पता लगाने की बात कही।
कई माह से बंद चल रहा है सीओ का सीयूजी
सीओ लालगंज अजय यादव का सीयूजी मोबाइल नंबर कई माह से स्वीच ऑफ चल रहा है। जिसके चलते आम जनता को जहां शिकायत करने में परेशानी हो रही है। सीओ अजय यादव प्राइवेट नंबर से काम चला रहे है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीयूजी नंबर ही लोग जानते है, ऐसे में सीओ का सीयूजी नंबर जल्द से जल्द चालू कराया जाना चाहिए।