आजमगढ़। रीजनल डायरेक्टर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से जनपद स्तर पर देश में खेलो इंडिया सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इन केंद्रों में खिलाड़ियों के जमीनी स्तर के प्रशिक्षण, खेलों को मजबूत करने के लिए भूतपूर्व खेल चैंपियनों को तैनात किए जाने की योजना है। इससे कि भूतपूर्व खेल चैंपियनों के आय का एक निरंतर स्रोत भी सुनिश्चित हो सकेगा।
योजना के तहत खेलो इंडिया केंद्र पर तीरंदाजी, एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, बैडमिंटन, साइकलिंग, तलवारबाजी, हॉकी, जूडो, रोइंग, शूटिंग, तैराकी, टेबल टेनिस, भारोत्तोलन, कुश्ती सहित ओलंपिक में पहचान वाले 14 खेलों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। भूतपूर्व चैंपियन की पहचान के लिए एक शार्ट लिस्टिंग मैकेनिज्म के तहत चार श्रेणियां बनाई गई हैं। इसमें उन्हें मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल संघों के तहत मान्यता प्राप्त अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व किया हो, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल संघों की ओर से आयोजित सीनियर नेशनल चैंपियनशिप या खेलो इंडिया गेम्स में पदक विजेता, अखिल भारतीय विश्वविद्यालय खेलों में पदक विजेता, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल संघों की ओर से आयोजित सीनियर नेशनल चैंपियनशिप या खेलो इंडिया गेम्स में प्रतिभाग किया जाना अनिवार्य होगा। इच्छुक खिलाड़ी क्षेत्रीय खेल कार्यालय सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम से 20 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।