आजमगढ़। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आम जन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन जल्द ही अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगा। अभियान के तहत मुख्य बाजारों, प्रमुख चौराहों, सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने चिह्नांकन का कार्य शुरू कर दिया है। एसपी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के कई व्यस्त इलाकों में सड़क किनारे अस्थायी दुकानें, ठेले, अवैध निर्माण और फुटपाथों पर कब्जे के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। इससे आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान नगर पालिका, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में लोगों को अतिक्रमण स्वयं हटाने के लिए चेतावनी और नोटिस दिए जाएंगे। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कब्जे हटाए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि बड़ादेव, मुख्य चौक, नगर पालिका, सिधारी, नरौली तिराहा और रेलवे स्टेशन मार्ग को चिह्नित किया गया है। यहां पर अतिक्रमण किया गया है। इसे हटाने का कार्य किया जाएगा। प्रशासन की ओर से शहर को अतिक्रमणमुक्त करने की कवायद शुरू की जा रही है। लेकिन, शहर में जगह-जगह सड़कों से सटाकर लगाए गए बिजली के खंभों को हटाने की जरूरत नहीं समझ़ी जा रही है। जबकि यही खंभे अतिक्रमण का कारण बन रहे हैं। लोग इनकी आड़ में अपनी दुकानों को लगाते हैं। कहीं-कहीं तो सड़कों के बीच में ही ये खंभे लगे हुए हैं, जो दुर्घटना को भी दावत दे रहे हैं। नगर के सिधारी मोहल्ले में पुराने पुल वाले तिराहे पर दोनों तरफ सड़क से सटाकर विद्युत पोल लगाए गए हैं। इन पोलों के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले स्कूली बसों को घूमने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं इनकी आड़ में लोग अपनी दुकानें भी सजाते हैं।