जनपद में तम्बाकू नियंत्रण कानून को प्रभावी क्रियान्वयन के लिए डीएम के निर्देश एवं सीडीओ की अध्यक्षता में जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में स्टेक होल्डर के प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन बृहस्पतिवार को किया गया। नोडल अधिकारी तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम अधिकारी डा. वाईके राय ने कार्यालय में तम्बाकू के बढ़ते उपयोग एवं उसके रोकने के लिए प्रयास पर जोर दिया।
क्षेत्रीय समन्वयक दिलीप कुमार पांडेय ने बताया कि अभी हाल ही में भारत सरकार द्वारा जारी ग्लोबल यूथ टोबैको सर्वे-2021 जारी किया गया। जिसके अनुसार 23 प्रतिशत लड़कों एवं 24 प्रतिशत लड़कियों द्वारा किसी न किसी रूप में तम्बाकू उत्पादों का उपयोग, 22 प्रतिशत विद्यार्थियों द्वारा सार्वजानिक स्थानों पर परोक्ष धुम्रपान (सेकेंड हैंड स्मोक) किया जा रहा है। साथ ही साथ हम गैट्स-2 के रिपोर्ट को देखें तो 23.1 प्रतिशत पुरुष, 3.2 प्रतिशत महिलाएं और सभी वयस्कों का 13.5 प्रतिशत वर्तमान में तंबाकू का सेवन करते हैं। डॉ. वाईके राय (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकरी) के द्वारा युवाओं को तम्बाकू की लत से दूर रखने एवं न्यू जनरेशन को तम्बाकू के जोखिम के कारकों से अवगत कराया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए साल में सभी लोग अपने कार्यालय को तम्बाकू मुक्त करें एवं कार्यालय में तम्बाकू के उपयोग करने पर उन पर जुर्माना करें।