बलरामपुर। आगामी होली पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. एनआर वर्मा ने बताया कि त्योहार के दौरान किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सीएमओ ने जानकारी दी कि जनपद के राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर, मंडलीय जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, सभी 100 शैय्या चिकित्सालयों सहित समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं एंबुलेंस सेवाओं (108 एवं 102) को सतर्क कर दिया गया है। सभी अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं संचालित रहेंगी तथा चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी विशेष रोस्टर के अनुसार निर्धारित की गई है। होली के दौरान रंगों व रसायनों से एलर्जी, आंखों में संक्रमण, खाद्य विषाक्तता, जलने अथवा सड़क दुर्घटनाओं जैसी संभावित घटनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दवाओं, जीवनरक्षक उपकरणों और उपचार व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही सभी अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को अस्पतालों में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और आपात सेवाओं को निर्बाध रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. वर्मा ने लोगों से अपील की है कि होली के दौरान सुरक्षित एवं प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तत्काल नजदीकी सरकारी चिकित्सालय या एंबुलेंस सेवा 108 या 102 का उपयोग करें।