आजमगढ़। 24 घंटे से अधिक हुए बारिश के बाद से जनपद में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बेपटरी हो गई, जिसके कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। शुक्रवार को आधी रात से ही शहर के कई मुहल्लों की लाइट बाधित हो गई तो कई मुहल्लों की आपूर्ति अलसुबह से ही गुल चल रही। लोगों को पूरे दिन बगैर बिजली, पानी के ही गुजर-बसर करना पड़ा। बिजली न होने के कारण लोगों को खाने-पीने के लिए परेशानी झेलनी पड़ी। किसी तरह जब दोपहर तक लाइट नहीं आई तो लोगों ने आरो प्लांट से पानी लाकर किसी तरह अपना दिन काटा। बताया जाता है कि शहर से सटे हुए जुनैदगंज, भंवरनाथ, रैदोपुर, पुराना जेल, सिधारी हाइडिल गेट पर स्थित सब स्टेशनों के सभी फीडर की आपूर्ति शुक्रवार की आधी रात से ही बाधित है। जिसके कारण उक्त सब स्टेेशनों से शहर के आधे से अधिक मातबरगंज, चौक, सब्जी मंडी, कटरा, कोट, तकिया, एलवल, पुरानी कोतवाली, फराश टोला, रैदोपुर, मुहल्लों की बिजली गुल हैं। वहीं सिधारी हाइडिल पुराना सब स्टेशन, बलरामपुर, पालिटेक्निक, हाफिजपुर सब स्टेशन की विद्युत आपूर्ति बहाल बतायी जा रही है। हाइडिल पुराने स्टेशन की आपूर्ति ठंडी सड़क से होते डीएम आवास तक आपूर्ति पहुंचाई जाती है। जिसके कारण परानापुर, हरवंशपुर, बेलइसा, हर्रा की चुुंगी, जोधी का पुरा, पहाड़पुर आदि इलाकों में आपूर्ति की आवाजाही बनी रही। बारिश क कारण शहर के कई ट्रांसफार्मरों में पानी घुस गया है, उक्त पानी को विभागीय कर्मियों द्वारा निकाला जा रहा है, यह काम शाम तक जारी रहा। उधर, ग्रामीणांचलों में भी विद्युत आपूर्ति बाधित ही रही। जिसके कारण पूरा आमजनजीवन बाधित रहा।