सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की शाम को खेत में घास काट रही किशोरी को पकड़कर गांव के दो मनबढ़ किस्म के युवकों ने बलात्कार का प्रयास किया। छीनाझपटी में किशोरी घायल हो गई। घटना की जानकारी होने पर किशोरी की मां मनबढ़ों के घर उलाहना देने गई तो वे मारपीटकर परिवार के सदस्यों को घायल कर दिया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने पर बैठाए हुए है। घटना के दूसरे दिन मंगलवार की शाम तक इस मामले में रिपोर्ट नहीं दर्ज हो सकी थी।
पीड़ित 13 वर्षीय किशोरी जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली है। वह कक्षा छह में पढ़ती है। सोमवार की शाम को किशोरी अपनी छोटी बहन और पड़ोस की सहेली के साथ खेत में घास काटने गई थी। किशोरी के मुताबिक उसे अकेले देखकर गांव का ही संदीप और चंदन पहुंच गए। यह दोनों किशोरी को पकड़कर बलात्कार का प्रयास किया। बीच बचाव करने में किशोरी को कई जगहों पर चोटें आई। उसकी चीख पुकार सुनकर बहन सहित अन्य पहुंच गई। इन्हें देखकर आरोपी फरार हो गए। किशोरी की मां संदीप और चंदन के घर उलाहना देने गई तो मनबढ़ों के घर वालों ने मारपीटकर घायल कर दिया। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। सच का पता लगाया जा रहा। तीन आरोपी पुलिस हिरासत में हैं।