कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद भी जिले में अब तक तैयारी देखने को नहीं मिल रही है। अतरौलिया 100 शैय्या अस्पताल में लगे वेंटीलेटर जहां चालू हालत हैं, वहीं मंडलीय अस्पताल में लगे वेंटीलेटर अभी आइसोलेशन रूम की शाेभा बढ़ा रहे हैं, जो चालू हालत में नहीं हैं।
मंडलीय अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में कुल 11 वेंटीलेटर लगाए गए हैं। अगर कोई ऐसा मरीज आता है कि उसे वेंटीलेटर की जरूरत पड़ती है तो उसे वहां से रेफर कर दिया जाता है। अस्पताल परिसर में लगा आक्सीजन प्लांट पूरी तरह से कार्य कर रहा है। इस संबंध में डाॅ. आमोद कुमार ने बताया कि हाॅस्पीटल के आइसोलेशन वार्ड में वेंटीलेटर लगा तो है लेकिन इसे चलाने वाला कोई नहीं है, जिसके कारण इसमें ताला बंद रहता है। अतरौलिया 100 शैय्या अस्पताल में चार वेंटीलेटर लगाए गए हैं। बृहस्पतिवार को की गई पड़ताल में सारे वेंटीलेटर चालू हालत में मिले। वहीं आक्सीजन प्लांट भी चालू हालत में मिला। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर एसके ध्रुव ने बताया कि चार बेड वेंटिलेटर के तैयार हैं और ऑक्सीजन मशीन चल रही है। हमारे यहां मॉकड्रिल भी हो चुकी है। कोरोना के नए वैरिएंट से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं। 100 शैय्या अस्पताल लालगंज में वेंटीलेटर तो नहीं है, लेकिन यहां लगा आक्सीजन प्लांट चालू हालत में है। इस ऑक्सीजन प्लांट को चलाने वाला कोई नहीं है। चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. सुरजीत सिंह ने बताया कि अस्पताल में कर्मचारियों की काफी कमी है। स्वीपर, वार्ड व्याॅय और ऑपरेटर के लिए महानिदेशक और शासन को पत्र भेजा गया है।