Electricity Crisis: यूपी के इस जिले में 25% खपत बढ़ी, ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड होने से दिक्कत; बढ़ी परेशानी
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में ओवरलोड बढ़ जाने से ट्रांसफार्मर में दिक्कतें आ रही हैं। शेड्यूल के अनुसार ही बिजली दी जा रही है। ग्रामीण इलाकों में समस्या उत्पन्न होते ही उसका त्वरित समाधान करने की कवायद की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Electricity Crisis: गर्मी में बिजली कटौती, लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या न हो इसके लिए बिजली निगम भले ही छह महीने पहले से तैयारी कर रहा हो। लेकिन हीककत में बढ़ती गर्मी के साथ ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड होने लगे हैं। ट्रांसमिशन के अधिकारियों की माने तो इधर 25 प्रतिशत अधिक बिजली की खपत हो रही है।
इसके कारण ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड होने लगे हैं। जिसके चलते लो वोल्टेज, ट्रिपिंग और बिजली कटौती बढ़ गई है। जिले के सभी वितरण खंडों में विभिन्न भार के 6.90 लाख उपभोक्ता हैं। 80 बिजली घरों के माध्यम से इन उपभोक्ताओं तक विद्युत आपूर्ति की जाती है। सामान्य दिनों में 350 से 375 मेगावाट बिजली की खपत होती है लेकिन जैसे-जैसे गर्मी का पारा बढ़ा तो बिजली की मांग भी बढ़ने लगी।
इस समय 460 मेगावाट तक बिजली की मांग पहुंच गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो स्थिति और भी खराब है। मेंहनगर, बरदह, रानी की समय, बिंद्राबाजार, अहरौला, बूढ़नपुर आदि क्षेत्रों में लोगों को बमुश्किल 10 से 12 घंटा बिजली मिल पा रही है, लेकिन विभाग के अधिकारी इसे मानने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि शेड्यूल के अनुसार ही बिजली दी जा रही है। जहां फाल्ट आ रहे हैं या जहां बिजली सुधार का काम चल रहा है।
वहां पर शटडाउन लिया जा रहा है। शहर के कुछ हिस्सों में भी रात के समय बिजली की अनियमितता से लोग परेशान हैं। विभाग द्वारा कुछ फीडरों पर लोड कम करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन गर्मी के मौसम में मांग इतनी अधिक है कि यह प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं।
अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में चेकिंग
विभाग की तरफ से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है। फूलपुर, सरायमीर, अहरौला, सगड़ी, मुबारकपुर, मोहम्मदपुर आदि क्षेत्रों में अधिक लाइन लॉस हो रही है। लाइन लॉस का वास्तविक कारण जानने के लिए विभाग की तरफ से इन क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अधीक्षण अभियंता छैलबिहारी ने बताया कि जिनके यहां निर्धारित भार से अधिक बिजली का उपयोग पाया गया उनकी भार वृद्धि की जा रही है, जो लोग चोरी से बिजली का उपयोग कर रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
दो दिन में जले 85 ट्रांसफॉर्मर
ट्रांसफॉर्मर वर्कशॉप के अधिशासी अभियंता चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि 30 मई तक 25 के नीचे ही ट्रांसफॉर्मर डैमेज होने की शिकायत आती थी, लेकिन दो दिनों में डैमेज ट्रांसफॉर्मरों की संख्या में इजाफा होने लगा है। बीते शनिवार को 45 डैमेज ट्रांसफॉर्मरों की शिकायत आई थी जबकि रविवार को पांच बजे तक 40 शिकायतें आईं। अगर मौसम का हाल यही रहा तो ओवरलोड के कारण ट्रांसफॉर्मरों के जलने की संख्या और बढ़ेगी।
ट्रांसफॉर्मर जलने से कई घरों में अंधेरा
विद्युत सब स्टेशन मेंहनगर के खरगपुर फीडर पर स्थित गोपालपुर प्राथमिक विद्यालय के पास लगा 63 केवीए ट्रांसफॉर्मर शनिवार की रात अचानक जल गया। इससे गांव के 70 से अधिक घरों में अंधेरा छा गया है। पेयजल आपूर्ति सहित पंखा, कूलर बंद होने से लोग गर्मी में परेशान हैं।
साथ ही धान की नर्सरी सहित मक्का, बाजरा आदि फसलों की सिंचाई बाधित हो रही है। ट्रांसफॉर्मर बदले जाने के बाबत जब अवर अभियंता विंध्याचल से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत वर्कशॉप को दर्ज करा दी गई है। जल्द ही ट्रांसफॉर्मर बदला जाएगा।
बोले अधिकारी
गर्मी बढ़ने के कारण बिजली की डिमांड बढ़ी है, लेकिन बिजली आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में शेड्यूल के अनुसार ही बिजली की आपूर्ति की जा रही है। हां जहां पर फॉल्ट हो रहा है या बिजली सुधार का काम चल रहा है तो वहां शटडाउन लिया जा रहा है। - घनश्याम, अधीक्षण अभियंता