आजमगढ़: चालान काटने को लेकर पुलिस अधिकारी से भिड़े भाजपा कार्यकर्ता, सर्किट हाउस में भारी हंगामा
आजमगढ़ सर्किट हाउस में उस वक्त हंगामा हुआ जब कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर वहां मौजूद थे। सर्किट हाउस का रास्ता जाम था तो सीओ ने वाहनों की चालान काटने की बात कह दी। इतना सुनते ही भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ स्थित सर्किट हाउस में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब रास्ता जाम कर खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं के वाहनों का चालान काटने की बात सीओ सगड़ी ने कह दी। इस पर भाजपाई भड़के उठे और दोनों पक्षों में जमकर आरोप प्रत्यारोप हुआ।
बाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीओ के व्यवहार की शिकायत मंत्री से करते हुए एसपी से फोन कर दो दिनों में सीओ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इसके साथ ही चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री तक शिकायत की जाएगी।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर 18 प्लस टीकाकरण के शुभारंभ के लिए सोमवार को जिले में आए थे। सीएचसी सठियांव पर टीकाकरण का उद्घाटन करने के बाद वे सर्किट हाउस पहुंचे थे। यहां भाजपा कार्यकर्ता उनके स्वागत में लिए जुटे थे। मंत्री की गाड़ी के पीछे कई स्थानीय भाजपा नेताओं की गाड़ियां भी खड़ी थीं। इसके चलते वहां जाम की स्थिति हो गई थी।
इसी बात को लेकर भाजपा नेताओं व सीओ के बीच बहस हो गई। भाजपा नेता सहजानंद राय ने बहस के बाद मंत्री से शिकायत की। इसके साथ ही एसपी को भी फोन कर घटना से अवगत कराया। आधे घंटे तक चले विवाद के बाद मामला शांत हुआ।
मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज ऋषिकांत राय ने कहा कि सीओ सगड़ी हर जगह विवाद पैदा करने का काम कर रहे है। मंत्री के स्वागत के लिए भाजपा के लोग जुटे थे। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं की गाड़ी का चालान काटने की बात कहना कहीं से भी उचित नहीं है। हम इसकी शिकायत मंत्री के साथ ही मुख्यमंत्री तक से करेंगे।
वहीं सीओ सगड़ी राजेश कुमार ने कहा कि सर्किट हाउस पर भाजपा नेताओं ने मंत्री की गाड़ी के पीछे बेतरतीब वाहन खड़ा कर रास्ता ब्लाक कर दिया था। मैं प्रमुख सचिव व नोडल अधिकारी को लेकर वहां पहुंचा तो रास्ता जाम था। इसके चलते प्रमुख सचिव को अपनी गाड़ी छोड़ कर काफी दूर पैदल ही सर्किट हाउस आना पड़ा। ऐसे में मैने रास्ता जाम करने वाली गाड़ियों का चालान काटने को कह कर कोई गलत बात नहीं की।