आजमगढ़। आपदा की इस घड़ी में दो अप्रैल से बैंकों पर भारी भीड़ उमड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसके मद्देनजर डीएम ने डिजास्टर एक्ट के तहत बैंकों को छुट्टी के दिन (दो और पांच अप्रैल) को भी खोलने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही वर्किंग टाइम भी सुबह 10 से शाम पांच बजे कर दी गई है। एटीएम को कैश से फुल करने के साथ सेनिटाइज करने के लिए भी निर्देशित किया गया है।
लाकडाउन के कारण त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं के तहत अनुमन्य धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे भेजी जा रही है। सरकारी लेनदेन, राहत पैकेज राशि, किसानों, जनधन महिला लाभार्थियों, मनरेगा श्रमिकों, निर्माण श्रमिकों आदि के दृष्टिगत बैंक शाखाओं पर ग्राहकों की भारी भीड़ एकत्र होने की संभावना है। भीड़ को नियंत्रित रखने और सोशल डिस्टेंसिंग को बनाए रखने के लिए पहले से ही व्यवस्था की जा रही है। डीएम एनपी सिंह ने बताया कि 31 मार्च से सभी बैंक सुबह 10 से शाम पांच बजे तक खुलेंगे। एक अप्रैल को वार्षिक लेखाबंदी के कारण लेन-देन नहीं होगा। ग्राहकों को एटीएम, ग्राहक सेवा केन्द्र, बैंक मित्र, बिकरंगी संस्था की सेवा मिलेगी। भीड़ वाली शाखाओं पर पुलिस की व्यवस्था होगी। सभी शाखाओं में सैनिटाइजर की व्यवस्था होनी चाहिए। ग्राहकों की बीच गोला बनाकर उचित दूरी निर्धारित की जाएगी। कोई भी बैंक मित्र अतिरिक्त चार्ज नहीं लेगा। पांच अप्रैल रविवार को और दो अप्रैल रामनवमी की छुट्टी के दिन भी कोषागारों के साथ-साथ बैंक खुलेंगे। बैंक काउंटर के सामने आवश्यकतानुसार अस्थायी टेंट व छाया की व्यवस्था रहेगी। सभी बैंककर्मियों को ड्यूटी पर वापस बुलाने के निर्देश दिए गए हैं।