आजमगढ़: पैमाइश के नाम पर पैसे लेते कानूनगो का फोटो वायरल, तहसील में हड़कंप
आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज क्षेत्र के एक गांव के प्रभारी कानूनगो का रुपये लेते हुए फोटो सोशल मीडिया में वायरल होने से तहसील में हड़कंप मचा हुआ है। मामले में भाजपा नेता ने भूमि की पैमाइश के नाम पर घूस लेने का आरोप लगाया है। वहीं, तहसील प्रशासन का कहना है कि पीड़ित की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई है। कानूनगो अपने परिचित से निजी धनराशि ले रहे थे।
भाजपा नेता रमाकांत मिश्रा ने आरोप लगाया की राधेश्याम सिंह अपनी जमीन का पैमाइश कराने के लिए लेखपाल, कानूनगो के पास पहुंचा था। उन्होंने पैमाइश के नाम पर सात हजार रुपये मांगे। तहसील के पीछे रुपये देते समय आशुतोष चतुर्वेदी भाजपा कौड़िया मंडल अध्यक्ष, उपेंद्र मिश्रा, दीपक सिंह, रंजन तिवारी पहुंच गए और घूस लेते फोटो बना ली।
इसकी शिकायत इन लोगों ने एलडीएम से की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। रमाकांत मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी और मंडलायुक्त से इसकी शिकायत कर जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
तहसीलदार शक्ति प्रताप सिंह ने बताया कि कानूनगो ने निजी धनराशि वापस ली थी। किसी ने फोटो बनाकर वायरल कर दी। कानूनगो ने बताया की राधेश्याम सिंह से हमारे अच्छे संबंध है। उनसे हमारा पैसे का लेनदेन होता रहता है। राधेश्याम सिंह ने उधार का पैसा मुझे लौटाया था।