आजमगढ़: बदमाशों ने मारपीट कर नकदी और जेवरात लूटे, दहशत में परिवार, जांच में जुटी पुलिस
आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के बिजौली गांव में बीती रात बेखौफ बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने महिला पर रॉड से हमला किया।
विस्तार
आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के बिजौली गांव स्थित एक घर बीती रात बदमाशों ने धावा बोला। आहट से घर वालों की नींद खुली और विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। घर में रखे नकदी और जेवरात आदि सामान लेकर फरार हो गए। घायल दंपत्ति को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से परिवार में दहशत है।
घटना की जानकारी होने पर डॉग स्क्वायड, फोरेंसिंक टीम आदि मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। बिजौली गांव निवासी चंद्र विजय चौरसिया पुत्र श्रीराम चौरसिया शनिवार रात अपने घर में सोए थे। रात लगभग साढ़े बारह बजे तीन बदमाश मुंह बांधे हुए मेन चैनल गेट पर पहुंचे।
बदमाशों ने चैनल गेट में बंद ताला को तोड़ दिया और फिर घर में घुस कर आलमारी, बक्सा आदि तोड़ कर कीमती सामान व नकदी समेटने लगे। इसी दौरान चंद्रविजय की पत्नी 55 वर्षीया कांति की नींद टूट गई। बदमाशों को देखते ही उसने शोर मचाने का प्रयास ही किया था कि एक बदमाश ने रॉड से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इसके बाद बदमाश चंद्र विजय की बहू रूबी (30) पत्नी रवि चौरसिया से आलमारी की चाभी मांगने लगे। रूबी ने चाभी देने से इनकार किया तो उसके बच्चे को गोद से छीन लिया और गोली मारने की धमकी देने लगे।
पढ़ेंः खेत में चल रही थी धान की कटाई, अचानक मानव कंकाल देख सहमे लोग
डर के मारे रूबी ने चाभी बदमाशों को सौंप दिया। इसके बाद चोरों ने पूरा घर खंगाल डाला और लगभग तीन लाख रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। रूबी और कांति को इलाज के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर रात में ही बरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुबह डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक व एसओजी टीम ने भी मौका मुआयना किया। पीड़ित चंद्र विजय की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है। एसओ बरदह रूद्रभान पांडेय ने बताया कि शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
पढ़ेंः बंदर ने खुद को कमरे में कर लिया बंद, चार घंटे बाद छड़ काटकर निकाला गया