सात को आजमगढ़ में शाह और योगी: अरबों रुपये की परियोजनाओं की देंगे सौगात, जनसभा में बनेगा चुनावी माहौल
गृहमंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को आजमगढ़ आएंगे। हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय का शिलान्यास करने के बाद नामदारपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे।
विस्तार
लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनने के बाद गृहमंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ पहली बार शुक्रवार को आजमगढ़ आएंगे। हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय का शिलान्यास करने के साथ ही जनपदवासियों को अरबों रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। नामदारपुर स्थित राजकीय आईटीआई परिसर में जनसभा को संबोधित करेंगे।
इस दौरान एक अरब 15 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही 44 अरब 31 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास भी हो सकता है। शिलान्यास और लोकार्पण होने वाली परियोजनाओं की सूची को जिला प्रशासन अंतिम रूप दे रहा है।
इन परियोजनाओं का हो सकता है लोकार्पण
जिला प्रशासन की ओर से अबतक लोकार्पण की जो सूची तैयार की गई है। उसमें हरिऔध कला केंद्र को सबसे ऊपर रखा गया है। इसके अलावा शाहगढ़-मुबारकपुर मार्ग, तहसील मार्टीनगंज अनावासीय भवन, पुलिस लाइन में 200 व्यक्तियों की क्षमता का बैरक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुशलगांव, टांड़ी-चिरैयाकोट नहर का पटरी मार्ग, बसौधा पेयजल योजना, सरायमीर, मेहनाजपुर और निजामाबाद थाना में 40 क्षमता के हॉस्टल, बैरक और एक विवेचना कक्ष का लोकार्पण हो सकता है।
ये भी पढ़ें: मां का एक्सीडेंट कहकर पति के सामने पत्नी को ले गए चार लोग, ससुराल पहुंच कर शख्स के उड़े होश!
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, थाना दीदारगंज, महराजगंज व पवई में 32 की क्षमता का हॉस्टल व बैरक के साथ एक विवेचना कक्ष, चकिया हुसैनाबाद पेयजल योजना, नौरसिया गांव में सीसी रोड व नाले का निर्माण, अल्लीपुर पेयजल योजना, वृहद गौ संरक्षण केंद्र गदनपुर हिच्छनपट्टी और मकरहा, बनकट-जैगहा, बिंदवल जयरापुर- कंधरापुर मार्ग के तीन किमी से सीसी रोड का निर्माण, वन स्टाप सेंटर, पशु चिकित्सालय तहबरपुर में आवासीय भवन, बक्सपट्टी और मिर्जापुर संपर्क मार्ग, रासेपुर स्थित शिव स्थल का पर्यटन विकास आदि कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
,
अब गृहमंत्री और सीएम इनका शिलान्यास कर सकते हैं। इसके अलावा 61 परियोजनाएं ऐसी हैं जिनका शिलान्यास होना है। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश सिंह ने कहा कि अभी तक विभागों से जो आंकड़े जुटाए गए हैं। उसके अनुसार लगभग 56 परियोजनाओं का लोकार्पण और लगभग 61 परियोजनाओं के शिलान्यास की सूची तैयार की गई है। अभी जैसे-जैसे विभागों की सूची आ रही है। उसे इसमें शामिल किया जा रहा है। अभी इस सूची में और बदलाव हो सकता हैं।
सुरक्षा होगी ऐसी की परिंदा भी नहीं मार सकेगा पर
आजमगढ़ दौरे पर आ रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य रहेगी। सुरक्षा की ऐसी व्यवस्था की गई है कि परिंदा भी कहीं पर नहीं मार सकेगा। फिलहाल नौ राजपत्रित अधिकारियों के साथ ही जनपद में तैनात एक हजार पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड में कर दिया गया है।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी क्यूआरटी टीम व पीएससी के जवानों के हवाले रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए और फोर्स की आवश्यकता है। जिसके लिए डिमांड भेज दी गई है। मुख्यमंत्री व गृहमंत्री के आगमन के दौरान यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने की भी सारी रणनीति तय कर ली गई है।
हरिहरपुर की बड़ी आस पूरी
देश में संगीत के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने वाले हरिहरपुर संगीत घराने को शायद ही कोई ऐसा हो न जानता हो। लोकसभा उपचुनाव में जीत मिलने के बाद जनता का आभार व्यक्त करने आए सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरिहरपुर गांव में संगीत महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा की थी। उनकी इस घोषणा के बाद जिला प्रशासन जमीन की तलाश में जुटा हुआ था। जमीन की तलाश पूरी होने के बाद अब सात अप्रैल को गृहमंत्री अमित शाह के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ इस संगीत महाविद्यालय की आधार शिला रखने के लिए जनपद आ रहे हैं।