आजमगढ़। पांच अगस्त को अयोध्या में मंदिर निर्माण के शिलान्यास कार्यक्रम के साथ ही आगामी त्यौहारों पर कानून व्यवस्था की स्थिति सुदृढ करने को लेकर गुरुवार को नेहरू हाल में बैठक आयोजित की गई। जिसमें कानून व्यवस्था की समीक्षा के साथ ही मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि पांच अगस्त को अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास समारोह आयोजित है। इस समारोह में वहीं व्यक्ति भाग लेंगे जिन्हें आमंत्रण मिला है। बिना आमंत्रण के कोई भी अयोध्या नहीं जाएगा। इसके लिए अयोध्या की सीमा सील रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि कोई भी शिलान्यास कार्यक्रम की खुशी सार्वजनिक स्थल पर नहीं करेगा। बकरीद त्यौहार को देखते हुए उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम व सीओ संयुक्त क्षेत्र से अपने क्षेत्र में भ्रमण करें, किसी भी कीमत पर सार्वजनिक स्थल पर कुर्बानी नहीं होने दी जाए। उन्होंने अपशिष्ट एकत्र करने के लिए ईओ नपा व नपं को निर्देशित किया कि डोर टू डोर व्यवस्था करें। बिजली विभाग को निर्देशित किया कि आगामी त्यौहारों पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें। एसपी त्रिवेणी सिंह ने कहा कि जो भी अधिकारी व कर्मचारी बकरीद त्यौहार में लगे है वे अलर्ट मोड में रहे और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशील रहे। सभी थानों पर रिजर्व फोर्स की व्यवस्था पहले से ही कर ली जाए। इस अवसर पर सीआरओ हरिशंकर, एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह, एसपी सिटी पंकज कुमार पांडेय, एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ, एसपी ट्रैफिक सुधीर जायसवाल, सीओ सिटी ईला मारन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।