UP: 'अखिलेश का PDA खत्म', राजभर बोले- अब 'पंडित-यादव भाई-भाई' का नारा दे रहे; अगले जन्म करें कुर्सी की तैयारी
सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका पीडीए का नारा खत्म हो गया है। अब वे 'पंडित-यादव भाई-भाई' का नारा दे रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में आने का सपना छोड़ दें और अगले जन्म में कुर्सी की तैयारी करें।
विस्तार
UP Politics: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शुक्रवार को पकड़ी कस्बे में आयोजित एक समरसता सम्मेलन को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव का पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) का नारा अब समाप्त हो गया है और उनकी जगह 'पंडित-यादव भाई-भाई' का नया नारा सामने आ चुका है।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि एनडीए सरकार 2047 तक भारत को विकसित बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने 2017 से पहले की सरकारों पर प्रदेश के धन को लूटने और माफियाओं को ठेके देने का आरोप लगाया, वहीं वर्तमान योगी आदित्यनाथ सरकार में प्रदेश को अपराधी और माफियाओं से मुक्त बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में एनडीए गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा और 300 से अधिक सीटें जीतेगा।
ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के पीडीए नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब अखिलेश यादव का नारा है कि पंडित अहीर भाई-भाई और जाति कहां से आई। अब अखिलेश कभी सत्ता में नहीं आएंगे और वह अगले जन्म की तैयारी करें। जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन को लेकर उन्होंने कहा कि यदि यह छात्रों का आंदोलन होता तो ठीक था, लेकिन छात्रों के पीछे कुछ लोग आंदोलन को बदनाम करने का काम कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस लाठीचार्ज के दौरान नेता पीछे की गली से भाग निकले।
सुभासपा के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर ने कहा कि अतरौलिया के सपा विधायक द्वारा किए जा रहे विकास के दावों में दम नहीं है, गांवों में नालियां नहीं हैं और लोग जल जमाव व संक्रमण झेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल कुछ विशेष जातियों और लोगों को ही विकास की सौगातें दी गई हैं, जबकि गरीब जनता के लिए कुछ नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जनता अब परिवर्तन चाहती है और चुनाव के समय नेता घड़ियाली आंसू बहाने आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अब जनता विधायक और एमएलसी निधि का हिसाब मांगेगी और शराब-मुर्गे पर वोट नहीं करेगी।
अरुण राजभर ने गोरखपुर में 10 वर्षीय एक बच्ची के साथ 112 के सिपाही द्वारा किए गए कृत्यों पर सपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सिपाही अभिषेक यादव के कृत्य अक्षम्य हैं और सवाल उठाया कि क्या अखिलेश यादव या उनके नेता उस शर्मा परिवार से मिलने पहुंचे, क्योंकि आरोपी सिपाही उनका स्वजातीय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा समाज को बांटने और जातिवाद का जहर फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं उस परिवार की बेटी के घर गए हैं और जो भी लड़ाई लड़नी होगी, लड़ेंगे। इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक अर्जुन चौहान, रमाशंकर राजभर, हरिवदन प्रजापति, कुलदीप राजभर, सुरेंद्र लंबू, प्रधान प्रेमसागर, गीता चौहान, सरोज चौहान सहित कई लोग मौजूद रहे।