कहासुनी के बाद ग्राम प्रधान पिता और मनबढ़ बेटे की बीच चला लाठी-डंडा, बेटे की मौत
- मेंहनगर थाना क्षेत्र के गद्दीपुर गांव में घटी घटना, मचा कोहराम
विस्तार
आजमगढ़ जिले के गद्दीपुर गांव के प्रधान और उसके मनबढ़ बेटे में बृहस्पतिवार रात किसी बात को कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। पिता की लाठी से पुत्र को गंभीर चोट लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह परिजन शव का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे, पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रधान को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता हवलदार यादव गांव के प्रधान हैं। उसके तीसरे नंबर का पुत्र विशाल उर्फ नाटे (20) मनबढ़ किस्म का था।
इसके चलते लोग उसकी शिकायतें लेकर प्रधान पिता के पास आते थे। बृहस्पतिवार को भी किसी ने उसकी शिकायत की थी। रात साढ़े नौ बजे इसे लेकर पिता-पुत्र में कहासुनी हो गई, देखते ही देखते ही दोनों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडा लेकर हमला बोल दिया।
इस दौरान विशाल को गंभीर चोट आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। रात भर शव घर में पड़ा रहा और शुक्रवार सुबह परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए मंगई नदी के तट पर पहुंच गए।
सूचना पर एसपी सिटी पंकज पांडेय मेंहनगर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा कर पिता हवलदार को पुलिस ने कस्टडी में ले लिया है। मृतक पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। देर शाम तक तहरीर नहीं मिली थी। पुलिस अपने स्तर से जांच पड़ताल में जुटी थी।