आजमगढ़। विकास एवं निर्माण कार्यों में अपेक्षानुसार प्रगति के लिए आपसी सामंजस्य एवं समन्वय जरूरी है। अधिकारी अपने मातहतों से निरंतर संवाद बनाए रखें। उनके कार्यों की नियमित मानीटरिंग एवं काउंसिलिंग करते रहें। उक्त निर्देश कमिश्नर कनक त्रिपाठी ने शुक्रवार को विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों, कर करेत्तर एवं अन्य राजस्व कार्यों और तथा 50 लाख तथा अधिक की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान दिए। उन्होंने दो अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ ही दो का वेतन भी काटने के निर्देश दिया।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक मऊ और मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलिया अनुपस्थित थे। दोनों अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। जिला गन्ना अधिकारी आजमगढ़ और जीएम चीनी मिल सठियांव उपस्थित थे, लेकिन बिना अवगत कराए चले गए। इनकी समीक्षा अभी होनी थी। दोनों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में बलिया की स्थिति खराब मिलने पर परियोजना निदेशक बलिया से स्पष्टीकरण मांगा। कहा कि प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले जन आरोग्य मेलों के संबंध में आशाओं और एएनएम के माध्यम से प्रचार-प्रसार बढ़ाएं। सीएमओ आजमगढ़ ने बताया कि 68 पीएचसी पर आयोजन किया जाना है। समीक्षा में पाया कि आजमगढ़ में लगभग एक लाख 12 हजार तथा मऊ में 86 हजार 300 आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। आजमगढ़ में गोल्डेन कार्ड बनाने की स्थिति सन्तोषजनक नहीं है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में मऊ में इस वर्ष के दो लाभार्थी अपात्र पाए जाने एवं दो का खाता नंबर गलत होने के कारण कुल चार आवास अवशेष हैं। गत वर्ष के चयनित लाभार्थियों में 63 अपात्र और कुछ की मौत हो जाने के कारण लगभग 200 आवास अवशेष हैं। वसूली तेजी से करने को कहा। स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया कि जो पंचायत सेक्रेट्री कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीएम आजमगढ़ नागेन्द्र प्रसाद सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त पीएन वर्मा, उप निदेशकअर्थ एवं संख्या अमजद अली अन्सारी, सीडीओ आजमगढ़ आनन्द कुमार शुक्ला,मऊ राम सिंह वर्मा, अपर जिलाधिकारी आजमगढ़ जीपी गुप्त, बलिया राम आसरे, सीआरओ आजमगढ़ हरी शंकर, उप निदेशक पंचायत राम जियावन, टीएसी केआर प्रजापति उपस्थित थे।