अदनान बना रुद्र प्रताप: धर्म छिपाकर महिला से रचाई शादी, 17 साल बाद सामने आया मामला; धरने पर बैठी महिला
आजमगढ़ में अदनान ने रुद्र प्रताप बनकर एक महिला से शादी कर ली। ससुराल पहुंचने पर परिजनों ने उसे घर में घुसने से रोक दिया। इसके विरोध में महिला घर के बाहर धरने पर बैठ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और समझा-बुझाकर महिला को शांत कराया। मामले की जांच जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
धर्म छिपाकर मुस्लिम युवक अदनान अहमद द्वारा 17 साल पहले हिंदू युवती पूर्णिमा सिंह से शादी करने और बाद में घर में घुसने से रोके जाने का मामला सामने आया है। बीते मंगलवार को महिला अपनी तीन बेटियों के साथ अदनान के बागखालिस स्थित घर पहुंची, जहां लड़के के परिवार वालों ने उसे घर में घुसने नहीं दिया। इसके विरोध में महिला ने करीब दो घंटे तक घर के सामने धरना देकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची जीयनपुर पुलिस ने समझा-बुझाकर महिला को वापस भेजा।
पीउवा पकड़ी थाना घोसी जनपद मऊ की रहने वाली पूर्णिमा सिंह ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि सन 2012 में लखनऊ में ट्रेनिंग के दौरान उनकी मुलाकात शक्ति भवन में अदनान से हुई थी। आरोप है कि अदनान ने अपना नाम रुद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंपी सिंह बताकर उनसे शादी कर ली। इस रिश्ते से उन्हें तीन लड़कियां पैदा हुईं। बाद में जब उन्हें उसके मुस्लिम होने का पता चला तो उन्होंने इसका काफी विरोध किया।
पूर्णिमा सिंह ने बताया कि 2022 में उन्होंने अदनान के परिवार से अलग रहने के लिए जमीन मांगी थी, लेकिन उन्होंने आनाकानी की। इस बीच, अदनान 2016 में हत्या के मामले में जेल चला गया और तब से वहीं है। इस दौरान पूर्णिमा लखनऊ में लांड्री का काम करती रही। मंगलवार को वह बागखालिस स्थित अदनान के मकान पर पहुंची और परिवार वालों से रहने के लिए जमीन और मकान मांगा। आरोप है कि उसकी पत्नी और परिवार के अन्य लोगों ने उसे दरवाजे के बाहर धकेल दिया और ताला लगा दिया। महिला ने कहा कि अब वह अपने बच्चों के साथ कहां जाए।
महिला के धरने पर बैठने और हंगामा करने की सूचना पर जीयनपुर कोतवाल संजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए। काफी देर की मशक्कत के बाद महिला वापस हुई। इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि शक्ति भवन में पूर्णिमा सिंह की अदनान से मुलाकात हुई थी और 2012 में दोनों ने शादी कर ली थी। महिला का आरोप है कि अदनान ने धर्म छिपाकर उससे शादी की थी।
2022 में भी इस मामले को लेकर विवाद हुआ था। तब अदनान के परिवार वालों ने उसे कुछ जमीन दी थी, जिसे पूर्णिमा सिंह बेचकर चली गई थी। वर्तमान में अदनान हत्या के एक मामले में जेल में है। मंगलवार को पूर्णिमा फिर बागखालिस आई और घर में घुसने का प्रयास कर रही थी, जिसका परिवार के लोगों ने विरोध किया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद, महिला को न्यायालय के माध्यम से अपना हक हिस्सा लेने के लिए वापस भेज दिया गया। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।