अवैध शराब प्रकरण: अजीत सिंह हत्याकांड के सह अभियुक्त प्रदीप कबूतरा और पूर्व विधायक की जब्त होगी संपत्ति
अजीत हत्याकांड के सह अभियुक्त प्रदीप सिंह कबूतरा ने अभी हाल में ही कोर्ट में समर्पण किया था। उसकी पूर्वांचल के अपराधियों से सांठगांठ है। कुंटू व अखंड गैंग के शूटरों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के साथ ही सुरक्षित ठिकाना भी इसके द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। अवैध शराब प्रकरण में गैंगेस्टर के तहत संपत्ति जब्त करने की महकमे ने योजना बनाई है।
विस्तार
लखनऊ के कठौचा चौराहे पर बीते छह जनवरी की रात पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड के मुख्य गवाह अजीत सिंह की हत्या में सह अभियुक्त प्रदीप सिंह कबूतरा की नकेल कसने की तैयारी में पुलिस महकमा जुट गया है। आजमगढ़ के तरवां में बरामद अवैध शराब प्रकरण में प्रदीप कबूतरा पर गैंगेस्टर के तहत संपत्ति जब्त करने की महकमे ने योजना बनाई है।
इसके अलावा जिले में पूर्व बसपा विधायक सहित दो दर्जन अन्य अवैध शराब कारोबारी भी चिन्हित किए गए हैं। अजीत हत्याकांड के सह अभियुक्त प्रदीप सिंह कबूतरा ने अभी हाल में ही न्यायालय में समर्पण कर दिया था। जिला ही नहीं पूर्वांचल के अपराधियों से इसकी सांठगांठ है। कुंटू व अखंड गैंग के शूटरों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के साथ ही सुरक्षित ठिकाना भी इसके द्वारा उपलब्ध कराया जाता है।
वहीं जिले में अवैध शराब कारोबार का भी प्रदीप कबूतरा बड़ा खिलाड़ी है। पंचायत चुनाव के पूर्व तरवां थाना क्षेत्र में एक विद्यालय से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुआ था। उक्त मामले में भी प्रदीप का नाम पुलिस ने खोला है और गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई करते हुए संपत्ति जब्त करने की रणनीति पर पुलिस काम कर रही है।
पूर्व बसपा विधायक की भी संपत्ति होगी जब्त
पुलिस महकमे की माने तो अवैध शराब कारोबार में अब तक चिन्हित किए गए दो दर्जन भर लोगों में कई नेता भी शामिल हैं। इसमें अतरौलिया विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर विधायक रहे सुरेंद्र नाथ मिश्रा भी शामिल हैं। पूर्व विधायक के महिला पीजी कालेज से भी भारी मात्रा में शराब बरामद हुआ था।
तभी से वे जेल में निरुद्ध हैं और पुलिस अब इन पर भी गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई करते हुए संपत्ति जब्त करने की कवायद में जुट गई है। आजमगढ़ एसपी सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि पवई व दीदारगंज में हुए जहरीली शराब कांड के बाद दो दर्जन भर अवैध शराब कारोबारियों को चिन्हित किया गया है। इन सभी की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
इसमें तरवां स्थित एक विद्यालय से बरामद भारी मात्रा में अवैध शराब मामले में प्रदीप कबूतरा का भी नाम शामिल है। जल्द ही सभी चिन्हित दो दर्जन भर अवैध शराब कारोबारियों का नाम खोल दिया जाएगा।