Varanasi Crime: दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन कराने का आरोपी थाने से भागा, पहचान छिपाकर शादी करने का आरोप
Varanasi News: कमिश्नरेट के कोतवाली थाने से दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन कराने का आरोपी गिरफ्तार किया गया। आरोपी आफताब अंसारी उर्फ अमित कुमार समेत चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विस्तार
पहचान छिपाकर युवती से शादी और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाकर दुष्कर्म करने के आरोपी आफताब अंसारी उर्फ अमित कुमार समेत चार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शुक्रवार की शाम आरोपी कोतवाली थाने के पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला।
आरोपी के खिलाफ कैटरिंग में वेटर का काम करने वाली युवती ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दोपहर 12:30 बजे आरोपी आफताब अंसारी को हिरासत में लिया गया। शाम करीब 7 बजे वह पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला। कोतवाली थाना क्षेत्र के कतुआपुरा की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह कैटरिंग में वेटर का काम करती है।
अप्रैल 2024 में शादी समारोह में कार्य के दौरान उसकी मुलाकात हरहुआ के रसूलपुर निवासी आफताब अंसारी से हुई, जिसने अपना वास्तविक नाम, धर्म एवं पहचान छिपाकर खुद हिंदू बनकर अपना नाम अमित कुमार बताया और कहा कि वह ठेके पर परिचारकों (वेटरों) से काम कराने का कार्य करता है। इस बीच मोबाइल नंबर ले लिया और काम दिलाने का झांसा देकर नजदीकियां बढ़ा लीं और प्रेमजाल में फंसा लिया। काम दिलाने के नाम पर कैंट स्टेशन के सामने परेडकोठी स्थित एक होटल में ले जाकर शारीरिक शोषण करता रहा।
आफताब अंसारी उर्फ अमित ने कभी भी अपना सही नाम, पता व धर्म नहीं बताया, हमेशा हिंदू बनकर मिलता था।इस तरह उसने पिछले साल 25 मार्च को काली मंदिर, चौकाघाट में पीड़िता के परिजनों की मौजूदगी में विवाह किया। आफताब अंसारी उर्फ अमित की ओर से कोई परिजन उपस्थित नहीं था, बल्कि उसने 4-5 परिचितों को अपने घर का सदस्य बताकर परिवार वालों से मिलवाया था।
विवाह में पीड़िता के माता-पिता ने लगभग 1 लाख रुपये नकद दिए थे। शादी के बाद वह पीड़िता को अपने घर नहीं ले गया, बल्कि नई बस्ती लहरतारा में किराये के कमरे में रखने लगा। कुछ ही दिनों बाद सच्चाई मालूम हुई कि वह हिंदू नहीं बल्कि मुस्लिम है। विरोध करने पर पिटाई और जान से मारने की धमकी दी और धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनने का दबाव बनाने लगा।
इस दौरान वह पीड़िता को अपने रसूलपुर हरहुआ स्थित घर ले गया, जहां उसके पिता नवी रसूल, मां गंगाजली व भाई मिठू अंसारी ने भी मुस्लिम धर्म स्वीकार करने का दबाव बनाया। धमकी दी कि किसी से मुंह खोला तो तुम्हारे भाई और पिता की हत्या करा देंगे।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आफताब अंसारी उर्फ अमित ने लगभग एक माह तक अपने माता-पिता के घर पर बंधक बनाकर रखा और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा, जहां उसके भाई मिठू अंसारी ने भी दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, आफताब अंसारी और उसका भाई गरीब व असहाय लड़कियों को अपने प्रेमजाल में फंसाकर उनकी खरीद-फरोख्त करते हैं। पूर्व में कई लड़कियों का शारीरिक शोषण किया गया है और आफताब अंसारी उर्फ अमित पहले भी जेल जा चुका है।
अंबेडकरनगर में किशोरी का धर्म परिवर्तन कराने और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
सिगरा थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि 21 अप्रैल को बेटी लापता हो गई थी। 22 अप्रैल की रात बेटी मिल सकी। बेटी ने बताया कि भाई को विद्यालय छोड़ने गई थी। इसी बीच नदेसर का रहने वाला मो. रुस्तम विद्यालय पर पहुंचा और घुमाने के बहाने उसे अंबेडकरनगर ले गया। वहां एक मजार पर पानी के बहाने नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। साथ ही नाम बदलकर आफरीन बानो कर दिया। फर्जी आधार कार्ड बनवाया और रूम में ले गया। वहां दुष्कर्म किया।
अचेत होने के बाद अगले दिन फर्जी कागजात के आधार पर अंबेडकर नगर की अदालत में कोर्ट मैरिज करने ले गया। एक अधिवक्ता ने शक के आधार पर पूछताछ की, तो झूठ बोलकर मो. रुस्तम भाग गया। बाद में शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की और जांच शुरू कर दी। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी को सीजेएम की अदालत में पेश गया जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।