आजमगढ़। जिले की तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 723 शिकायती प्रार्थना प्रत्र आए। इनमें से पुलिस और प्रशासन की जंबो टीम महज 35 मामलों का ही मौके पर निस्तारण कर सकी। सदर तहसील में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार व पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के समक्ष कुल 108 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से नौ मामले ही निस्तारित किए जा सके। जिलाधिकारी ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में जमीन से संबंधित, पुलिस, विद्युत, चकबंदी कार्य की प्राप्त हुई, जिनका गंभीरता से अवलोकन कर कुछ शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया, शेष मामलों में ज्वाइंट टीम बनाकर स्थलीय निरीक्षण कर समाधान कराते हुए निर्देशित किया गया। ग्राम सेठवल रानी की सराय से संबंधित मामलें में राजस्व व पुलिस की संयुक्त भेजने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया। जिलाधिकारी ने चेतावनी दिया कि जांच में यदि कहीं फर्जी रिपोर्ट, निस्तारण पाया जाएगा, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। गंभीरवन व महुआ मुराद में चकबंदी हो गई है। कुछ लोगों का कब्जा नहीं हुआ है। जिलाधिकारी ने चकबंदी अधिकारी को निर्देशित किया कि नियमानुसार कब्जा दिलाना सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस व समाधान दिवस ऐसे अवसर होते हैं, जिसमें शिकायतें एक से अधिक विभागों से संबंधित होती है, चूंकि सभी अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित होते हैं, इसलिए शिकायतों का समन्वय से प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित होता है। राजस्व संबंधी शिकायतों के निस्तारण में ज्वाइंट टीम जाकर ज्वाइंट स्पॉट मेमो बनाएं। इस अवसर पर एसडीएम सदर नरेंद्र गंगवार, सीओ सिटी शुभम तोदी, पीडी डीआरडीए सच्चिदानंद प्रसाद आदि उपस्थित रहे।