ये कैसी मजबूरी: पलायन की तैयारी में हैं इस गांव के 40 परिवार, मकान बिकाऊ है... के लगाए गए पोस्टर
Azamgarh Crime News: आजमगढ़ जिले में एक गांव के 40 परिवार पलायन की तैयारी में हैं। इसकी वजह है कि उन्हें परेशान किया जा रहा है। आरोप है कि उन्हें कोई भी कार्यक्रम तक नहीं करने दिया जाता है।
विस्तार
इस वजह से पलायन की तैयारी
जानकारी के मुताबिक पिछले तीन जून को बम्हौर गांव में एक बरात के दौरान दो वर्गों के बीच विवाद हो गया था। ग्रामीणों के अनुसार, बरात के दौरान एक वर्ग के युवकों ने महिलाओं और लड़कियों के डांस का वीडियो बनाया और छेड़खानी की। विरोध करने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें आठ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार किया, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद उनकी सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इसे भी पढ़ें; UP: बीएचयू अस्पताल के दो प्रोफेसर पर दलित उत्पीड़न का मुकदमा, ट्रॉमा सेंटर के वेटर ने कोर्ट में दी थी अर्जी
गांव के बहादुर कन्नौजिया का आरोप है कि पूजा-पाठ, शादी-ब्याह जैसे मौके पर परेशान किया जाता है। न बाजा बजाने दिया जाता है, न डीजे। लड़कियों के डांस का वीडियो बनाया जाता है और छेड़खानी की जाती है। उन्होंने जिला प्रशासन पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया और कहा, हमारे पास घर बेचकर जाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा।
गांव के किशन का कहना है कि न तो पुलिस और न ही जिला प्रशासन उनकी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करता है। तीन जून की घटना के बाद गिरफ्तारी होने के बावजूद गांव में तनाव बरकरार है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें आए दिन धमकियां मिलती हैं, जिससे वे डरे हुए हैं।
मुबारकपुर थाना प्रभारी निहान नंदन ने बताया कि तीन जून की घटना के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त कर रही है। इस मामले में कुछ लोग तूल देने का प्रयास कर रहे जो गलत है। अभी और लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी।