पवई। ब्लॉक क्षेत्र की साधन सहकारी समिति बस्ती चक गुलरा में बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में यूरिया का वितरण किया गया। 175 किसानों को 350 बोरी यूरिया बांटी गई। किसानों की भीड़ को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। यूरिया आने की सूचना पर सुबह से ही बस्ती चक गुलरा समिति पर किसानों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। करीब 10 बजे जब समिति के सचिव पहुंचे तो किसानों की भीड़ को देखते हुए उन्होंने पवई थाने पर इसकी सूचना दी। इसके बाद पवई थाने की पुलिस समिति पर पहुंचे।
पुलिस कर्मियों ने किसानों को लाइन लगा कर यूरिया का वितरण शुरू कराया। किसान दीपक यादव, मान बहादुर सिंह, श्याम सूरत सिंह, दुर्गेश आदि ने बताया कि इस समय यूरिया की मांग अधिक होने के कारण किसानों की भीड़ जमा हो जाती है। समिति के सचिव राम प्यारे ने बताया कि शाह मर्दानपुर, बस्ती चक गुलरा, रामपुर खुर्द, रामपुर कला, मरहट, जल्दीपुर और पवई के किसानों को यूरिया का वितरण करना था। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बुलानी पड़ी।