आजमगढ़। भाजपा की ओर से रविवार को कलेक्ट्रेट चौराहा स्थित रिक्शा स्टैंड पर आतंकवाद के खिलाफ धरने का आयोजन किया गया। जिसें सैनिकों को श्रद्घांजलि देने के साथ ही भाजपा नेताओं ने डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर आतंकी संगठनों के विरुद्घ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। धरने में सांसद नीलम सोनकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना को पूरी छूट दे दी है। वह जो भी निर्णय लेंगे पूरा देश उनके साथ खड़ा है। देश के अंदर छिपे दुश्मनों और उनका साथ देने वालों को भी समाप्त करने के लिए कार्रवाई करनी होगी। हमारी सेना और देश की जनता आर पार की लड़ाई चाहती है। हम देश की सेना के साथ है। जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने कहा कि मां भारती के सपूतों ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। देश के अंदर पीड़ा है और आक्रोश भी। हमारे वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। आर पार की लड़ाई होनी ही चाहिए। सर्वदलीय बैठक में सभी दलों ने एक साथ प्रधानमंत्री का साथ देने की बात कही है। पूरा देश एकजुट है, आज का यह धरना हमारे वीर सैनिकों और प्रधानमंत्री के समर्थन में हैं। आतंकवाद की समाप्ति के लिए निर्णायक लड़ाई होनी चाहिए। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्रा गुड्डू ने कहा कि आतंकियों द्वारा की गई इस कायराना हरकत की जितनी निंदा की जाए कम है। सरकार के साथ आज पूरा देश खड़ा है। हम वीर जवानों के परिवार के साथ इस दुख की घड़ी में साथ हैं। लेकिन यह समय आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक जंग का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैनिकों को कार्रवाई की खुली छूट देकर इस ऐलान कर दिया है। इस मौके पर डा. श्याम नारायण सिंह, कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, लक्ष्मण मौर्या, देवेंद्र सिंह, प्रेम प्रकाश राय, सतघ्येंद्र राय छोटू, भाजयुमो जिलाध्यक्ष कमलेंद्र मिश्रा, डा. अखिलेश चंद्र, प्रेम नरायण पांडेयर, रामपाल सिंह, सचिदानंद सिंह, पंकज सिंह कौशिक आदि उपस्थित थे।