अजीतमल/अनंतराम। कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ा में मंगलवार देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने और शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पति और अन्य ससुरालीजन मौके से भाग निकले।
इटावा जनपद के लवेदी थाना क्षेत्र के गांव बिलाहटी निवासी जोर सिंह राजपूत ने अपनी बेटी कामिनी (32) की शादी 24 अप्रैल 2012 को अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ा निवासी ओम प्रकाश राजपूत के किसान बेटे विनय राजपूत के साथ की थी। जोर सिंह ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा था। मंगलवार की शाम कामिनी की संदिग्ध हालात में मौत हुई, लेकिन ससुराल पक्ष ने इसकी जानकारी न तो पुलिस को दी और न ही मायके पक्ष को। शाम करीब साढ़े छह बजे गांव की अन्य महिलाओं ने फोन पर मायके पक्ष को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही भाई मनीष राजपूत अपने परिजन के साथ मौके पर पहुंचे, जहां बरामदे में शव देख कोहराम मच गया। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस ने छानबीन की। फोरेंसिक टीम ने मौके साक्ष्य जुटाए। पूछताछ में भाई ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2013 में घरेलू हिंसा का मुकदमा भी दर्ज कराया गया था, लेकिन बाद में पारिवारिक समझौते के बाद कामिनी वापस ससुराल आ गई थी। मृतका कामिनी के दो पुत्रियां भूमि (10), सौम्या (8) और एक बेटा रितिक (6)। मां की संदिग्ध मौत मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।