दिबियापुर (औरैया)। भू-जल संरक्षण मिशन के तहत हरचंदपुर समेत औरैया जिले के 2.17 करोड़ की लागत से बने आठ चेकडैम का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल मीटिंग में करेंगे। शुक्रवार चार नवंबर को लोकार्पण की संभावनाओं को देखते हुए लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार देर शाम तक ग्राम सभा हरचंदपुर में तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
हरचंदपुर ग्राम पंचायत में बने चेकडैम पर लोकार्पण की तैयारियों को अंतिम रूप देने पहुंचे लघु सिंचाई विभाग इटावा के अधिशासी अभियंता डीपी वर्मा के अनुसार वित्तीय वर्ष 2019-20 में औरैया जिले में आठ चेकडैम तैयार कराए गए हैं। हरचंदपुर, शोभन मंदिर (इटहा ग्राम पंचायत), रानेपुर, अयाना के ग्राम पंचायत भासोन, ग्राम पंचायत भौतापुर के डेरा बंजारन, नवादा ज्वाला प्रसाद, सेहुदपुर, बघईपुर में कुल 2.17 करोड़ की लागत से सभी चेकडैम निर्मित हुए हैं। चेकडैमों के निर्माण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत कितना जल रीचार्ज हो रहा है, इसका आकलन किया जा रहा है। बताया कि अभी लोकार्पण की तिथि फाइनल नहीं है। लेकिन संभावना है कि शुक्रवार की शाम चार बजे जिला औरैया समेत प्रदेश के अन्य जिलों में बने चेकडैमों का स्वयं मुख्यमंत्री लोकार्पण करेंगे। हरंचदपुर में लघु सिंचाई के एक्सईएन डीपी वर्मा के साथ प्रधान पति राजू दुबे, सहायक अभियंता अनिल कुमार गुप्ता, भाजपा नेता मिक्की दुबे, लघु सिंचाई विभाग के अजय कुमार, अरुण कुमार, दिलसार खां आदि मौजूद रहे।