औरैया। बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के चलते ग्राहकों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए रविवार को बैंक शाखाएं खोलने का फैसला लिया गया है। 27 सितंबर को जिले की 117 से अधिक बैंक शाखाओं के साथ करेंसी चेस्ट भी खुले रहेंगे। इस दौरान सामान्य कार्यदिवस की तरह बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। एटीएम में नकदी की उपलब्धता बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
ऑल इंडिया वी बैंकर्स एसोसिएशन के सदस्य रघुवीर तिवारी ने बताया कि रविवार को राष्ट्रीयकृत, क्षेत्रीय ग्रामीण समेत अन्य बैंकों में नियमित कामकाज होगा। रविवार को सेवा देने वाले अवार्ड स्टाफ को द्विपक्षीय समझौते के मुताबिक 200 प्रतिशत ओवरटाइम दिया जाएगा। वहीं, अधिकारियों को बैंक प्रबंधन के नियमानुसार भुगतान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इसके अगले दिन रविवार को शाखाएं खोली जाएंगी। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। ऐसे में बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की संभावना है। बैंक अपने ग्राहकों को एसएमएस और ईमेल के जरिये पहले से जरूरी लेनदेन पूरा करने की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है, ताकि हड़ताल के दौरान जरूरी लेनदेन में दिक्कत न हो।